April 2, 2026
National

एलपीजी आपूर्ति पर भाजपा सांसदों का विपक्षी दलों पर तंज, कहा-‘देश में कोई संकट नहीं, विपक्ष फैला रहा है अराजकता’

BJP MPs taunt opposition parties over LPG supply, saying, “There is no crisis in the country, the opposition is spreading anarchy.”

2 अप्रैल । एलपीजी आपूर्ति, किसानों के मुद्दे और वैश्विक परिस्थितियों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में भाजपा के सांसदों ने सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश में किसी प्रकार का संकट नहीं है। जब प्रधानमंत्री स्वयं यह स्पष्ट कर चुके हैं कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, तब विपक्ष द्वारा अनावश्यक रूप से अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति नियंत्रण में है। जब विपक्ष के पास कुछ नहीं रहता है तो वह जनता को भ्रमित करने का काम करने लगता है, जो देश के लिए सही नहीं है।

वहीं, भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने किसानों के मुद्दे पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार की प्राथमिकता किसानों का कल्याण है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद नरहरि हीरालाल अमीन ने कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर वैश्विक स्तर पर पड़ रहा है। इसके बावजूद भारत की स्थिति मजबूत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण देश में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल-डीजल जैसी चीजें भी सुचारू रूप से उपलब्ध हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तुरंत समाधान करेगी।

महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सांसद मदन राठौर ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी हमेशा सरकार के खिलाफ बोलती हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि महंगाई में कमी आई है। उन्होंने दावा किया कि जीएसटी सुधारों के कारण रसोई से जुड़ी कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं और बाजार में स्थिरता बनी हुई है।

दिल्ली में भाजपा सांसद अरुण गोविल ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओवैसी एक शिक्षित और प्रभावशाली वक्ता हैं, लेकिन उनके कुछ बयान समझ से परे होते हैं। उन्होंने सीएपीएफ रेगुलेशन बिल का समर्थन करते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण विधेयक है, जिस पर चर्चा के बाद ही इसके सभी प्रावधान स्पष्ट हो पाएंगे।

Leave feedback about this

  • Service