August 10, 2026
National

दिल्ली लक्ष्मी योजना के विरोध पर भाजपा का आप विधायकों के घर के बाहर प्रदर्शन, आपत्तियों पर माफी मांगने की मांग

BJP protests outside AAP MLAs’ homes over opposition to the Delhi Lakshmi Scheme, demands apology for objections raised.

दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सियासी टकराव तेज होता दिखाई दे रहा है। दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध करने वाले आप विधायक संजीव झा सहित 22 विधायकों के घर के बाहर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सोमवार सुबह ही आप के 22 विधायकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लक्ष्मी योजना को लेकर अपनी आपत्तियों पर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व सिविल लाइंस जोन के चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता संजीव झा के आवास के बाहर पहुंचे और दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के समर्थन में आवाज उठाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है और इसका विरोध करना दिल्ली की महिलाओं के हितों के खिलाफ है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना का विरोध करने वाले आम आदमी पार्टी के 22 विधायकों के घर और कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की बात आती है, तो आप विधायकों ने योजना के तहत महिलाओं को 2500 रुपए देने का विरोध क्यों किया।

भाजपा पार्षद ममता यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दिल्ली में विकास कार्य करना चाहती है, लेकिन आम आदमी पार्टी लगातार उसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2500 रुपए देने जा रही थी, लेकिन आप विधायकों के विरोध के कारण योजना लागू नहीं हो सकी।

ममता यादव ने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप के विधायक जनता को दिखाने के लिए लक्ष्मी योजना के फॉर्म भरवा रहे हैं, लेकिन जब सदन में योजना को लेकर बात आई तो इसका विरोध किया गया। महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दे पर विरोध को महिलाएं स्वीकार नहीं करेंगी।

वहीं, पूर्व निगम पार्षद रेखा ने भी प्रदर्शन को सही ठहराते हुए कहा कि आप विधायकों के विरोध की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है और इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों के विरोध के कारण दिल्ली की महिलाओं को लक्ष्मी योजना के तहत 2500 रुपए का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service