भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने गुरुवार को कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिद्धार्थ यादव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जिस स्थान पर भोजन करने पहुंचे थे, वहां एक कश्मीरी मुस्लिम युवक के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने कहा कि जब वह प्रेस वार्ता कर रहे हैं, उस समय भी देश की राजधानी में कांग्रेस कार्यकर्ता हिंसा कर रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया, “क्या ये कांग्रेस पार्टी का कल्चर है? क्या यही लोकतंत्र है? संविधान की दुहाई देने वाले संविधान के मूल्यों को कब पढ़ेंगे, यह देश की जनता जानना चाहती है।”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने वीडियो में कहा है कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता शराब के नशे में प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, “यह विरोध प्रदर्शन नहीं है। यह कांग्रेस का अराजकता का मॉडल है।”
सिद्धार्थ यादव ने कहा कि प्रदर्शन की तस्वीरें कांग्रेस के कथित व्यवहार को उजागर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में आम लोग नहीं, बल्कि कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल थे और राहुल गांधी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई।
उन्होंने कहा, “क्या यही कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ है? मोहब्बत की दुकान में जो नफरत का सामान है, वह आज देश के सामने आ चुका है।”
भाजपा नेता ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ‘स्मैश द पैट्रिआर्की’ और प्रियंका गांधी ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ जैसे नारों की बात करती हैं, लेकिन प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित व्यवहार ने इन नारों की सच्चाई सामने ला दी है।
उन्होंने सवाल किया, “अगर इस देश में कोई नेहरू-गांधी-वाड्रा परिवार से नहीं आता, तो क्या उसका कोई मानवाधिकार नहीं है?”
सिद्धार्थ यादव ने प्रदर्शन से जुड़ी कुछ तस्वीरों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पहली तस्वीर में राहुल गांधी ने एक महिला पुलिसकर्मी को गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। दूसरी तस्वीर का हवाला देते हुए उन्होंने प्रियंका गांधी पर सामान्य रूप से खड़ी महिला पुलिसकर्मी के पेट में कोहनी मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि तीसरी तस्वीर में कांग्रेस कार्यकर्ता वर्दी में खड़े पुलिसकर्मियों को जमीन पर गिराकर लात मारते नजर आ रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को इस पूरे घटनाक्रम पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस की “अराजकता” का मॉडल अब देश के सामने उजागर हो चुका है और राहुल गांधी इसी मॉडल को पूरे देश में लागू करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा निराशा और हताशा की राजनीति नहीं करती, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भाजपा का एजेंडा ‘विकसित भारत 2047’ है।
सिद्धार्थ यादव ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का जो कल्चर आज देश के सामने उजागर हुआ है, उस पर कांग्रेस को उत्तर देना चाहिए। राहुल गांधी और उनकी पार्टी के चेहरे पर जो नकाब था, वह उतर चुका है। यह अराजकता किसी भी तरह से स्वीकार नहीं की जा सकती और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।”
उन्होंने दोहराया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा अपनाया जा रहा कथित मॉडल देश के सामने उजागर हो चुका है और भाजपा इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।


Leave feedback about this