N1Live National दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, जनता ने केजरीवाल को नकारा : सीएम विष्णुदेव साय
National

दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, जनता ने केजरीवाल को नकारा : सीएम विष्णुदेव साय

BJP's historic victory in Delhi, people rejected Kejriwal: CM Vishnudev Sai

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा की सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। इन सब के बीच, नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजियां भी तेज हो चुकी हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम का दिन है, जिसमें भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है और भाजपा की सरकार बनने जा रही है। दिल्ली के निवासियों और वहां के मतदाताओं को मैं दिल से धन्यवाद देता हूं और आभार व्यक्त करता हूं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जो 10 साल तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे, उन्हें भी इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। यह भारतीय जनता पार्टी की एक बड़ी जीत है। दिल्ली की जनता ने स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया है।

सीएम साय ने आगे कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में नगर न‍िकायों के चुनाव भी चल रहे हैं। मैं लगातार पूरे प्रदेश का भ्रमण कर रहा हूं और मुझे बहुत अच्छा माहौल देखने को मिल रहा है, जो भाजपा के पक्ष में है। लोग भाजपा की नीतियों और सरकार के कार्यों की सराहना कर रहे हैं।

उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 13 महीनों में हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है। हाल ही में, हमने 27 लाख किसानों को 12,000 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में भेजी है। इसके साथ ही, कुछ दिन पहले ही 70 लाख माताओं और बहनों के खातों में धनराशि भेजने का कार्य किया गया है।

सीएम साय ने अपनी सरकार के कार्यों को जनता के हित में बताया और कहा कि उनकी सरकार ने हर वर्ग की भलाई के लिए कई योजनाओं का कार्यान्वयन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विजय यह संकेत है कि जनता ने मोदी सरकार की नीतियों पर विश्वास जताया है और आगामी चुनावों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

Exit mobile version