N1Live National मुंबई के होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
National

मुंबई के होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Body of BCCI broadcast engineer found in Mumbai hotel, police investigating

31 मार्च । मुंबई के ट्राइडेंट होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब आईपीएल मैच देखने आए एक विदेशी मेहमान का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक यान विलियम्स लेग्नफोर्ड के रूप में हुई है, जो बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे।

यान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों के प्रसारण से जुड़े काम के सिलसिले में मुंबई आए थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वह अपने होटल के कमरे में लौटे थे। इसके बाद 30 मार्च को होटल स्टाफ ने जब उनके कमरे से संपर्क करने की कोशिश की, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

शक होने पर होटल के कर्मचारियों ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर उन्होंने यान को फर्श पर पड़ा हुआ पाया। इस घटना की सूचना तुरंत होटल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस संबंध में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। होटल स्टाफ और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

इस घटना के बाद होटल में ठहरे अन्य मेहमानों और स्टाफ के बीच चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।

Exit mobile version