N1Live Entertainment बॉलीवुड सितारों ने मनाया महिला दिवस, ट्विंकल खन्ना ने पूछा भावुक सवाल
Entertainment

बॉलीवुड सितारों ने मनाया महिला दिवस, ट्विंकल खन्ना ने पूछा भावुक सवाल

Bollywood stars celebrated Women's Day, Twinkle Khanna asked an emotional question

8 मार्च । हर साल 8 मार्च को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की ताकत, उनके संघर्ष, उनके योगदान और समाज में उनकी अहम भूमिका को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है। ऐसे में सिनेमा जगत के सितारे भी इस खास दिन पर महिलाओं के प्रति अपना सम्मान और प्यार जाहिर करने में पीछे नहीं रहे।

कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महिलाओं को सलाम किया, तो कुछ ने अपनी जिंदगी की खास महिलाओं को याद किया।

अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने महिला दिवस के अवसर पर अपने अलग-अलग किरदारों की तस्वीरें साझा कीं और कैप्शन में लिखा, ”मैं उन सभी महिलाओं को सलाम करती हूं जिन्होंने पर्दे पर मेरी कहानियों को आकार दिया और पर्दे के बाहर जीवन को प्रेरणा दी।”

वहीं लेखिका और अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने भी महिला दिवस पर एक खास पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लोगों से एक भावुक सवाल पूछा। उन्होंने लिखा, “लोग सोचें और खुद से पूछें कि उन्होंने आखिरी बार अपनी मां से कब कहा था कि वह उनके लिए कितनी मायने रखती हैं।”

अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने भी महिला दिवस को खास अंदाज में मनाया। उन्होंने अपने बचपन से लेकर अब तक की कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, ”जीवन में थोड़ा ज्ञान, बहुत सारा प्यार और थोड़ा सा आनंद होना चाहिए। सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं।”

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे और अभिनेता बाबिल खान ने इस मौके पर अपनी मां की तस्वीर साझा की। उन्होंने अपनी मां को अपनी जिंदगी की पहली दोस्त, पहला सहारा, और पहली ऐसी महिला बताया जिसने उन्हें जीवन में सही रास्ता दिखाया। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने कहा, “पहली सबसे अच्छी दोस्त… पहला सहारा… मेरी मां ही वह महिला हैं जिन्होंने मेरे जीवन में आने वाली हर महिला के लिए एक मिसाल कायम की है। हैप्पी वुमन्स डे।”

इस खास मौके पर सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने पटौदी परिवार की सभी महिलाओं की कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा कीं और लिखा, ”महिलाओं को खुद को मनाने के लिए किसी एक दिन की जरूरत नहीं है, क्योंकि महिलाओं का सम्मान साल के 365 दिन होना चाहिए। एक महिला की ताकत बेहद खास होती है, क्योंकि वह जीवन में बहुत कुछ सहती है और कई स्तरों पर एक साथ कई काम करने की क्षमता रखती है, जो अपने आप में अद्भुत है।”

पोस्ट में सबा ने अपनी दादी, मां, बहन और बेटियों का जिक्र किया। उन्होंने खास तौर से भाभी व अभिनेत्री करीना कपूर खान की तारीफ करते हुए कहा, ”वह एक शानदार कलाकार होने के साथ-साथ परिवार और घर दोनों को बेहतरीन तरीके से संभालती हैं। मेरी छोटी बहन सोहा अली खान ने अपनी मेहनत से दुनिया में अलग पहचान बनाई है। हर महिला शानदार है। मैंने हर किसी से कुछ न कुछ सीखा है और सभी के मार्गदर्शन के लिए मैं आभारी हूं। महिलाएं भले ही अलग-अलग व्यक्तित्व की हों, लेकिन वे एक-दूसरे का साथ देती हैं और एक मजबूत समूह की तरह खड़ी रहती हैं।”

Exit mobile version