कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक नविवाहिता ने अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, बेंगलुरु में 25 साल की श्वेता नाम की महिला ने कथित तौर पर अपने घर में छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, श्वेता ने हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपने पति और ननद को जिम्मेदार ठहराया है और उन पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उसने लिखा कि इस कथित उत्पीड़न की वजह से अब उसे जीने की कोई इच्छा नहीं रही।
अपनी मां के नामएक भावुक संदेश में श्वेता ने पर लिखा, “अगर मैं मर जाऊं, तो मां, उन्हें बख्शना मत।” उसने माफी भी मांगी और लिखा, “मुझसे गलती हो गई। प्लीज मुझे माफ कर देना।”
पुलिस ने बताया कि श्वेता ने करीब चार महीने पहले लव मैरिज की थी और वह एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया, कथित सुसाइड नोट बरामद किया और मामला दर्ज किया। मामले की जांच चल रही है और नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा रही है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही कपल के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और शुक्रवार, 10 जुलाई को भी उनके बीच बहस हुई थी।
इसके पहले बेंगलुरु के थानिसंद्रा इलाके में 36 वर्षीय एक ऑटो चालक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि वह कर्ज को चुकाने के लिए साहूकार द्वारा लिए जा रहे अधिक ब्याज से परेशान था। मृतक की पहचान यूसुफ के रूप में हुई है। परिवार की शिकायत के अनुसार, यूसुफ ने उमेश नाम के एक साहूकार से 1.75 लाख रुपए उधार लिए थे।
आरोप है कि उमेश 30 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूल रहा था और कर्ज की रकम व ब्याज चुकाने के लिए यूसुफ पर लगातार दबाव बना रहा था। आरोप है कि उमेश ने यूसुफ को धमकाया और उसके परिवार की महिलाओं के बारे में अपमानजनक बातें कहीं। परिवार का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना, बेइज्जत और धमकियों को बर्दाश्त न कर पाने की वजह से यूसुफ ने यह कठोर कदम उठाया।

