N1Live Entertainment ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ में जसविंदर भल्ला को खास श्रद्धांजलि, गिप्पी ग्रेवाल बोले- ‘वो आज भी हमारे साथ हैं’
Entertainment

‘कैरी ऑन जट्टा 4’ में जसविंदर भल्ला को खास श्रद्धांजलि, गिप्पी ग्रेवाल बोले- ‘वो आज भी हमारे साथ हैं’

'Carry On Jatta 4' pays special tribute to Jaswinder Bhalla, Gippy Grewal says, 'He is still with us'

20 मार्च । पंजाबी सिनेमा में कॉमेडी फिल्मों की जब भी बात होती है, तो ‘कैरी ऑन जट्टा’ सीरीज का नाम जरूर लिया जाता है। इस फ्रेंचाइजी ने अपने हल्के-फुल्के अंदाज और जबरदस्त हास्य के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।

अब इसी कड़ी में ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ का टीजर रिलीज हो गया है, जिसने फैंस के बीच एक बार फिर उत्साह को बढ़ा दिया है। इस बार फिल्म सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें इमोशन्स का एक खास जुड़ाव भी देखने को मिलेगा।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पंजाबी सिनेमा के दिग्गज और दिवंगत कमीडियन जसविंदर भल्ला को एक खास अंदाज में शामिल किया गया है। टीजर में उनकी झलक ने दर्शकों को भावुक कर दिया है। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और अनोखे अंदाज के लिए मशहूर भल्ला आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं और यही वजह है कि फिल्म मेकर्स ने उन्हें इस खास तरीके से श्रद्धांजलि देने की कोशिश की है।

इस फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल के साथ सरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों, करमजीत अनमोल, शिंदा ग्रेवाल, जैस्मीन बाजवा और स्वीताज बराड़ जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह स्टारकास्ट पहले भी अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसा चुकी है और इस बार भी हंसाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

गिप्पी ग्रेवाल ने कहा, ”जसविंदर भल्ला सिर्फ एक कलाकार नहीं थे, बल्कि मेरे लिए परिवार जैसे थे। ‘कैरी ऑन जट्टा’ की आत्मा ही भल्ला थे। वो आज भी हमारे साथ हैं। उन्हें फिर से पर्दे पर लाना एक बेहद भावनात्मक अनुभव रहा। यह उनके योगदान और यादों को सम्मान देने का एक छोटा सा प्रयास है।”

जसविंदर भल्ला का निधन फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही हो गया था। इसके बावजूद फिल्म में उनकी मौजूदगी को दिखाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। वीएफएक्स और कंप्यूटर ग्राफिक्स के जरिए उनके पुराने फुटेज को स्कैन कर एक नया रूप दिया गया। इस प्रक्रिया में करीब छह महीने का समय लगा, ताकि उनका किरदार पूरी तरह वास्तविक तरीके से दर्शाया जा सके। यह एक्सपेरिमेंट सिनेमा के इतिहास में एक खास उपलब्धि माना जा रहा है।

फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ को हम्बल मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है। इसका निर्माण गिप्पी ग्रेवाल और रवनीत कौर ग्रेवाल ने किया है। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version