July 2, 2026
National

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी के भाई पर मुकदमा, टीवीके विधायक को तोड़ने की कोशिश का आरोप

Case registered against former Tamil Nadu minister Senthil Balaji’s brother; accused of attempting to poach a TVK MLA.

तमिलनाडु पुलिस ने पूर्व डीएमके मंत्री और कोयंबटूर दक्षिण के विधायक वी. सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने सत्ताधारी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) के एक विधायक को 35 करोड़ रुपए का लालच देकर पार्टी बदलने के लिए मनाने की कोशिश की थी।

टीवीके विधायक एन. इलैयाराजा ने अशोक कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी छोड़ने के लिए उन्हें बार-बार ऑफर दिए गए और धमकियां दी गईं। इस शिकायत के बाद तमिलनाडु पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर विधायक से बातचीत की और समर्थन के बदले 35 करोड़ रुपए की पेशकश की। जांच अधिकारियों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक नरेश ने खुलासा किया कि इलैयाराजा से संपर्क करने से पहले वह चेन्नई में अशोक कुमार से व्यक्तिगत रूप से मिला था।

आरोपी नरेश ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अशोक कुमार और सेंथिल बालाजी के कहने पर टीवीके विधायक से संपर्क किया था।

जांच के दौरान दर्ज बयानों के आधार पर पुलिस ने अशोक कुमार के खिलाफ कानून की चार धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें ‘भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम’ की धाराएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच कई स्तरों पर चल रही है और आगे की कार्रवाई जमा किए गए सबूतों पर निर्भर करेगी।

चेन्नई पुलिस ने हाल ही में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने टीवीके विधायक को पाला बदलने के लिए मनाकर सरकार गिराने की साजिश रची थी।

यह मामला विधानसभा चुनाव के बाद बनी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच सामने आया है, जिसमें किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इस स्थिति में डीएमके की तरफ से लगातार टीवीके सरकार के गिरने का दावा किया जा रहा है। डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन भी सरकार की स्थिरता पर सवाल उठा चुके हैं। उनका कहना है कि टीवीके सरकार के पास पूर्ण बहुमत नहीं है और सरकार अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कभी भी फिर से विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।

गौरतलब है कि सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को विधानसभा चुनाव में 108 सीटें हासिल हुईं। बाद में कांग्रेस और अन्य पार्टियों के समर्थन से जोसेफ विजय ने सरकार बनाई।

Leave feedback about this

  • Service