June 4, 2026
Entertainment

ग्लोबल वॉर्मिंग के खिलाफ एकजुट हुईं हस्तियां, मुंबई में फिल्मी सितारों और राजनेताओं ने किया पौधरोपण

Celebrities unite against global warming, film stars and politicians plant trees in Mumbai

पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी गंभीर चुनैतियों से निपटने के लिए मुंबई में एक भव्य पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। इस आयोजन में मनोरंजन जगत से लेकर राजनीति हस्तियों ने एक साथ पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। अभियान में भाजपा नेता पंकजा मुंडे, गायिका निति मोहन और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शिरकत की और मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण और उनके संरक्षण की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण विजन की सराहना करते हुए कहा, “आज आसिफ भामला फाउंडेशन की तरफ से शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हम सभी लोग मिलकर पौधरोपण कर रहे हैं। हमारे साथ अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी मौजूद हैं, जो हमेशा सेहत और पर्यावरण को लेकर जागरुक रहती हैं।”

पंकजा मुंडे ने पीएम मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील की है। इसी को ध्यान में रखते हुए हम बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चला रहे हैं। हमें जन्म देने वाली मां और हमें जीवन देने वाली धरती मां, दोनों का संरक्षण हमारा कर्तव्य है। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन बनी रहे, तापमान ज्यादा न बढ़े और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से बचा जा सके। इसी उद्देश्य के साथ हम बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चला रहे हैं।”

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने पर्यावरण को स्वस्थ रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि केवल सरकार के भरोसे पर्यावरण को नहीं बचाया जा सकता, बल्कि हम सभी को जागरूक होकर इसके लिए पहल करनी होगी। उन्होंने कहा, “फिटनेस और वेलनेस केवल खुद तक सीमित नहीं हो सकती। अगर हमारा ग्रह स्वस्थ रहेगा, तभी हम पूरी तरह स्वस्थ रह पाएंगे। जैसा कि महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट (जलवायु परिवर्तन) आज के समय की एक कड़वी सच्चाई है। अब हमें जागरूक होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा। इसमें हर नागरिक को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और खुद पहल करनी होगी।”

गायिका निति मोहन ने मीडिया के साथ बातचीत में बताया कि वे इस अभियान से लंबे समय जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, “यह पर्यावरण हम सभी का एक साझा घर है और इसकी देखभाल करना ही हम सभी का कर्त्तव्य है। मुझे बेहद खुशी है कि इस साल पर्यावरण दिवस पर लोग प्रेरित दिख रहे हैं। अक्सर भागदौड़ में हम पर्यावरण के प्रति अपने कर्त्तव्यों को भूल जाते हैं लेकिन जब भामला फाउंडेशन और ‘भूमि नमस्कार’ जैसे अभियान सामने आते हैं, तो सबमें एक नया उत्साह जाग जाता है। आज स्कूल के बच्चों को पौधरोपण करते देखना बेहद सुखद अनुभव रहा।”

Leave feedback about this

  • Service