N1Live National केंद्र सरकार के कार्यक्रम को पार्टी प्रोग्राम में बदल दिया गया : एमवी गोविंदन
National

केंद्र सरकार के कार्यक्रम को पार्टी प्रोग्राम में बदल दिया गया : एमवी गोविंदन

Central government's programme has been converted into a party programme: MV Govindan

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरल दौरे पर हैं और इस दौरान कई बड़ी योजनाओं की सौगातें दी गई। इसी में से एक है नेशनल हाईवे 66 का विकास प्रोजेक्ट, लेकिन इसे लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच राजनीति गरमाई हुई है क्योंकि इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री पीए मोहम्मद रियास को आमंत्रित नहीं किया गया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के केरल राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को अपने पार्टी कार्यक्रम में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है लेकिन केंद्र राज्य सरकार को निशाना बना रहा है।

एमवी गोविंदन ने कहा कि इस एनएच 66 प्रोजेक्ट में राज्य सरकार की वित्तीय भागीदारी है। यह हाईवे महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल से होकर गुजरता है लेकिन सिर्फ केरल ने इस परियोजना की जमीन के लिए पैसे खर्च किए हैं। केरल सरकार ने कुल 5580 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर खर्च किए हैं। केरल सरकार विकास के लिए पैसा खर्च करती है और बाद में एनएचएआई टोल के जरिए पैसा वापस पा सकती है।

एमवी गोविंदन ने यह भी बताया कि यह हाईवे लोक निर्माण विभाग के मंत्री पीए मोहम्मद रियास के निर्वाचन क्षेत्र से होकर गुजरता है लेकिन इस उद्घाटन के लिए उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया गया। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को आमंत्रित किया गया, जिससे सवाल उठते हैं कि क्या यह प्रोटोकॉल के हिसाब से सही है।

गोविंदन ने कहा कि सवाल रिश्तों या व्यक्तिगत मुद्दों का नहीं है बल्कि यह है कि रियास केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री हैं, इसलिए उन्हें कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए था लेकिन केरल भाजपा व केंद्र सरकार ऐसा नहीं चाहते थे। इसी वजह से एनएच-66 प्रोजेक्ट के उद्घाटन के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री पीए मोहम्मद रियास को आमंत्रित नहीं किया गया।

Exit mobile version