अभिनेत्री चेतना पांडे इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके अभिनय की जमकर सराहना हो रही है, लेकिन फिल्म की शूटिंग के समय वह भावनात्मक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थीं।
आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में चेतना पांडे ने बताया कि मानसिक रूप से वह काफी परेशान थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी के साथ निभाया।
आईएएनएस से बात करते हुए चेतना पांडे ने कहा, ”जब मुझसे फिल्म में सुनहरी का किरदार निभाने के लिए कहा गया, तब मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि मेरी अपनी जिंदगी इस किरदार से इतनी गहराई से जुड़ जाएगी। इस किरदार के लिए किसी अभिनय की तैयारी से ज्यादा मेरी अपनी जिंदगी ने मुझे तैयार किया। जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई, तब मैं अपनी जिंदगी के ऐसे दौर से गुजर रही थी, जहां मुझे खुद को संभालना मुश्किल हो रहा था। मैं अंदर से बिखर चुकी थी और मानसिक रूप से भी काफी परेशान थी।”
उन्होंने कहा, “लेकिन समय के साथ मुझे यह समझ आया कि जिंदगी में आने वाली हर मुश्किल किसी न किसी वजह से आती है। कई बार मुश्किल हालात हमें आने वाले समय में मिलने वाली बड़ी जिम्मेदारियों और चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। इसलिए मैंने उस दौर से सीखने की कोशिश की।”
चेतना ने आगे कहा, ”मेरी जिंदगी का सबसे कठिन समय ठीक उसी दौरान आया, जब फिल्म की शूटिंग चल रही थी। मेरी अपनी कहानी और फिल्म में निभाए गए सुनहरी के किरदार की कहानी कई जगह एक-दूसरे से मिलती-जुलती है। मुझे अभिनय करते समय अलग से भावनाएं पैदा करने की जरूरत नहीं पड़ी। मैंने अपने जीवन के दर्द, अकेलेपन और संघर्ष को सीधे अपने किरदार में उतार दिया। जो भावनाएं मेरे दिल में थीं, वही पर्दे पर सुनहरी के चेहरे और उसके व्यवहार में दिखाई दीं।”
फिल्म मिलने के अनुभव को याद करते हुए चेतना ने कहा, ”जब मुझे पता चला कि इस फिल्म का निर्देशन विक्रम भट्ट कर रहे हैं, तो मैं काफी उत्साहित हो गई थीं। भारतीय सिनेमा में डरावनी फिल्मों को नई पहचान देने का बड़ा श्रेय विक्रम भट्ट को ही जाता है। उन्होंने ऐसी कई फिल्में बनाई हैं, जिन्होंने इस शैली को नई ऊंचाई दी। ‘हॉन्टेड’ अपने समय की ऐसी फिल्मों में शामिल रही, जिसने दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा। यह भारत की शुरुआती थ्री-डायमेंशनल हॉरर फिल्मों में से एक थी और इसकी कहानी, डर पैदा करने वाले सीन्स और गाने आज भी लोगों को याद हैं।”
चेतना ने आज के समय में बदलती दर्शकों की पसंद पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ”आज लोगों के पास समय बहुत कम है और उनका ध्यान भी जल्दी भटक जाता है। कई बार लोग कुछ मिनट का छोटा वीडियो भी पूरा नहीं देख पाते। ऐसे दौर में यदि कोई फिल्म सालों तक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखती है, तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।”
‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ में चेतना पांडे के साथ मिमोह चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।


Leave feedback about this