मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियां सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नियंत्रण में हैं और केंद्र सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए उनका खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।
ईडी की छापेमारी को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मान ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी को प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं को धमकाने और लोकतंत्र को दबाने के औजार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। मान ने कहा, “पंजाबी लोग ऐसे दबाव के हथकंडों के आगे कभी नहीं झुके हैं। पंजाब की बहादुर और समझदार जनता इन कोशिशों का मुंहतोड़ जवाब देगी।”
प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “जुमलों के उस्ताद” को देश के सामने सच बोलना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट हो गया है कि आज देश की बागडोर व्हाइट हाउस के हाथों में है, और बड़े फैसले उसकी सहमति के बाद ही लिए जाते हैं।”
मान ने कहा कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान भी, परिणाम अमेरिकी अधिकारियों द्वारा घोषित किए गए थे, जिससे देश की संप्रभुता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुईं। उन्होंने आगे कहा, “जो लोग भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने का दावा करते हैं, वे वास्तव में ‘विश्व चेला’ बनने की ओर अग्रसर हैं, क्योंकि व्हाइट हाउस के निर्देशों का अंधाधुंध पालन किया जा रहा है।”
केंद्र की आर्थिक नीतियों को निशाना बनाते हुए, मान ने कहा कि मेक इन इंडिया को लेकर बड़े-बड़े दावों के बावजूद, रक्षा क्षेत्र में भी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति देने जैसी नीतियों ने देश के हितों को कमजोर किया है।

