June 19, 2026
National

कोलकाता में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ‘दौड़ से ध्यान’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

Chief Minister Suvendu Adhikari flagged off the ‘Daud Se Dhyan’ marathon in Kolkata.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन से राइटर्स बिल्डिंग तक ‘दौड़ से ध्यान’ मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम में मंत्री इंद्रनील खान, अग्निमित्रा पॉल, तापस रॉय, विधायक विजय ओझा, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और अन्य लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर लिखा, ‘सिटी ऑफ जॉय’ फिटनेस और वेलनेस के लिए दौड़ रही है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले आज सुबह मैंने कोलकाता में “सिटी ऑफ जॉय – दौड़ से ध्यान 2026” मैराथन को हरी झंडी दिखाई। “स्वच्छता से स्वागत कार्यक्रम” के तहत शुरू की गई यह शानदार पहल स्वास्थ्य, स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और समग्र कल्याण जैसे अहम मूल्यों को एक साथ लाती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “नागरिकों में जबरदस्त ऊर्जा और उत्साहपूर्ण भागीदारी देखना वाकई प्रेरणादायक था। आइए, हम योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाए रखें और एक साफ-सुथरे, हरे-भरे और फिट समाज के निर्माण में योगदान दें। इस कार्यक्रम को शानदार सफलता दिलाने के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई।”

मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे भवानीपुर से टीएमसी पार्षद असीम बोस ने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है और हम सभी मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर यहां आए हैं। मैं यहां हूं, दूसरे पार्षद भी यहां हैं और बाकी लोग भी शामिल होंगे। यह एक अच्छी पहल है, चूंकि मुख्यमंत्री सभी के हैं, इसलिए हम सभी उसी के अनुसार यहां आए हैं।”

इसके पहले 17 जून को स्वच्छ भारत अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता के बागबाजार स्थित गंगा घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उनके नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर गंगा घाट को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

बागबाजार घाट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने वहां स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने हाथों में झाड़ू लेकर घाट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि गंगा नदी और उसके घाटों को कचरे तथा प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए इस तरह का सफाई अभियान पूरे साल जारी रहेगा।

Leave feedback about this

  • Service