N1Live Entertainment चिरंजीवी ने रिवील किए राम चरण के जुड़वा बच्चों के नाम और उनके खास अर्थ
Entertainment

चिरंजीवी ने रिवील किए राम चरण के जुड़वा बच्चों के नाम और उनके खास अर्थ

Chiranjeevi reveals the names of Ram Charan's twins and their special meanings

13 फरवरी । साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी हाल ही में जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने। बच्चों के जन्म के बाद से फैंस के बीच उनके नाम को लेकर उत्सुकता बनी थी। शुक्रवार को अभिनेता चिरंजीवी ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बच्चों के नाम रिवील करने के साथ उनका अर्थ भी बताया है।

चिरंजीवी ने इंस्टाग्राम पर नामकरण संस्कार की तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीर में राम चरण और उपासना चेयर पर बैठे हुए हैं, जबकि चिरंजीवी और उनकी पत्नी दोनों बच्चों को गोद में लिए हुए हैं। राम चरण की बड़ी बेटी उनकी गोद में है।

अभिनेता ने दोनों बच्चों के नाम बताते हुए लिखा, “भगवान की असीम कृपा से दो नन्हें सदस्यों के नाम बताते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। बेटे का नाम ‘शिव राम कोनिडेला’ और बेटी का नाम ‘अनवीरा देवी कोनिडेला’ रखा गया है।”

उन्होंने बच्चों के नाम का अर्थ बताते हुए लिखा, “शिव राम नाम दो महान देवताओं का खूबसूरत मेल है। ‘शिव’ भगवान शिव से प्रेरित है, जो आंतरिक शक्ति, शांति और गहराई का प्रतीक हैं। ‘राम’ नाम भगवान राम से लिया गया है, जो धर्म, करुणा और साहस का प्रतीक है। दोनों मिलकर अंदर की ताकत और सही कर्म के संतुलन को दर्शाते हैं।

उन्होंने आगे लिखा, “‘बेटी अनवीरा देवी’ नाम देवी शक्ति का एक सुंदर और शक्तिशाली रूप है। ‘अनवीरा’ का अर्थ है निडरता, हिम्मत, और ईश्वरीय सुरक्षा। यह नाम कनक दुर्गा माता के आशीर्वाद से प्रेरित है। यह नाम कोमलता के साथ अटूट साहस और शक्ति का प्रतीक है।”

चिरंजीवी ने आखिरी में सभी फैंस से बच्चों के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने लिखा, “हम आप सभी से निवेदन करते हैं कि ‘शिव राम’ और ‘अनवीरा देवी’ को आप सभी आशीर्वाद दें, क्योंकि वे अपने जीवन की सुंदर यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। स्नेह और आभार सहित।”

बता दें कि 31 जनवरी को उपासना ने हैदराबाद में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। दोनों की एक बड़ी बेटी भी है, जिसका नाम क्लिन कारा है, जिसका स्वागत कपल ने साल 2023 में किया था।

Exit mobile version