अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह आगामी वॉर-ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में अभिनेता सलमान के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। अभिनेत्री ने सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करने के अनुभव को याद करते हुए बताया कि अभिनेता की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और आत्मविश्वास ने शुरुआत में उन्हें थोड़ा नर्वस कर दिया था।
अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में सलमान खान की जमकर तारीफ की। चित्रांगदा का कहना है कि सलमान खान में दूसरों से बेस्ट निकलवाने की काबिलियत है और इसी वजह से उनके साथ स्क्रीन शेयर करना मजेदार हो गया।
उन्होंने कहा, “सलमान खान के साथ काम करना वाकई शानदार और यादगार अनुभव रहा। उनकी प्रेजेंस बेहद दमदार है। कैमरे के सामने उनमें ऐसी सहजता और आत्मविश्वास रहता है कि शुरुआत में, तो मैं भी थोड़ा नर्वस हो गई थी, लेकिन उनके काम करने के तरीके में एक शानदार सहजता भी है, जो उनके साथ फ्रेम शेयर करना इतना मजेदार बना देती है और हर सीन में एक नेचुरल एनर्जी ले आती है।”
चित्रांगदा सिंह ने ‘मातृभूमि’ के गानों में सलमान के साथ अपनी केमिस्ट्री को मिल रहे रिस्पॉन्स को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “जब से ‘मातृभूमि’ के गाने आए हैं, तब से हमारी केमिस्ट्री को बहुत प्यार मिल रहा है और मैं इस रिस्पॉन्स को देखकर वाकई बेहद खुश हूं। जब दो एक्टर स्क्रीन पर एक खास कम्फर्ट और समझ शेयर करते हैं, तो दर्शक उसे महसूस कर पाते हैं और मुझे खुशी है कि हमारी जोड़ी दर्शकों को पसंद आ रही है। मैं वाकई चाहती हूं कि दर्शक फिल्म में हमारी जोड़ी को देखें।”
अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह (चित्रांगदा इसमें सलमान की पत्नी का किरदार निभा रही हैं) मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म का पुराना नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जो भारत-चीन संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। सलमान प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले फिल्म की कहानी एक भारतीय सैनिक (सलमान खान) के जीवन, युद्ध के खौफनाक मंजर, परिवार के दर्द और शांति के संदेश के इर्द-गिर्द घूमती है।

