September 1, 2026
Entertainment

चंकी पांडे ने वडोदरा पहुंचकर लूटी महफिल, बोले- बच्चे जैसा महसूस कर रहा था

Chunky Panday stole the show upon arriving in Vadodara, saying, “I felt like a child.”

चंकी पांडे उन कलाकारों में से हैं, जिनकी स्क्रीन पर मौजूदगी हमेशा अपने साथ एक अलग तरह की मस्ती लेकर आती है। हाल ही में चंकी पांडे वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में लौटने की खुशी सोशल मीडिया के जरिए जाहिर की। वडोदरा पहुंचते ही उनके चेहरे पर अलग ही उत्साह नजर आया। उन्होंने वहां की गलियों, लोगों और खासकर फैंस के साथ बिताए पलों को कैमरे में कैद किया। इस दौरान वह मिठाइयों का स्वाद लेते भी दिखे। अपने इस अनुभव पर अभिनेता ने कहा कि उन्हें किसी बच्चे जैसा महसूस हो रहा है।

चंकी पांडे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वडोदरा दौरे का एक वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, ”वडोदरा वापस आकर मुझे ऐसी खुशी हुई, जैसे कोई बच्चा कैंडी की दुकान में पहुंच गया हो।” वीडियो में अभिनेता काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनके आसपास फैंस की भीड़ दिखाई दे रही है। वीडियो में चंकी पांडे कलरफुल टी-शर्ट, जींस और सिर पर पगड़ी पहने दिख रहे हैं। वह अपनी शानदार कार से बाहर निकलते हैं और वहां मौजूद लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं।

वीडियो में आगे वह लोगों से मुलाकात करते हैं और वडोदरा की मिठाइयों का भी स्वाद लेते नजर आते हैं। अभिनेता ने अपने इस वीडियो में रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘इश्क जलाकर-कारवां’ को बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर इस्तेमाल किया।

‘धुरंधर’ के इस गाने की बात करें तो ‘इश्क जलाकर-कारवां’ एक कव्वाली ट्रैक है, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसे शाश्वत सचदेव, शहजाद अली, सुभदीप दास चौधरी और अरमान खान ने गाया है। गाने का संगीत शाश्वत सचदेव और रोशन लाल ने तैयार किया है।

फिल्मी करियर की बात करें तो चंकी पांडे ने साल 1987 में फिल्म ‘आग ही आग’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस मल्टीस्टारर फिल्म में वह नीलम कोठारी के साथ नजर आए थे। इसके बाद 1988 में आई ‘तेजाब’ ने उन्हें एक अलग पहचान दी। इस फिल्म में उन्होंने बब्बन का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके साथ अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थे।

समय के साथ चंकी ने कॉमेडी में भी अपनी मजबूत जगह बना ली। 2000 के दशक के बाद उनकी कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया। ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी में उनका ‘आखिरी पास्ता’ वाला किरदार खास तौर पर लोकप्रिय हुआ और यह उनकी पहचान का हिस्सा बन गया।

Leave feedback about this

  • Service