N1Live Entertainment ‘कॉकटेल 2’ बनी बॉक्स ऑफिस हिट फिल्म, दुनियाभर में 106.61 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार
Entertainment

‘कॉकटेल 2’ बनी बॉक्स ऑफिस हिट फिल्म, दुनियाभर में 106.61 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार

‘Cocktail 2’ becomes a box-office hit, crossing the ₹106.61 crore mark worldwide.

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए आधिकारिक तौर पर हिट का दर्जा हासिल कर लिया है। फिल्म ने दुनियाभर में 106.61 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रॉस कमाई कर ली है और इस साल की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह बना ली है।

करीब 100 से 110 करोड़ रुपये की अनुमानित कुल लागत में बनी ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज से पहले ही डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स के जरिए अपनी लागत का बड़ा हिस्सा वसूल कर लिया था। अब थिएटरों में फिल्म की ग्रॉस कमाई 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिससे प्री-रिलीज रिकवरी के अलावा अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हुआ है। इसी के साथ फिल्म मुनाफे के दायरे में पहुंच गई है और इसे स्पष्ट रूप से बॉक्स ऑफिस हिट माना जा रहा है।

फिल्म की सफलता को और भी खास बनाता है दर्शकों से मिला जबरदस्त समर्थन, जिसने इसके थिएटर प्रदर्शन को मजबूती दी है। सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ, बार-बार देखने वाले दर्शकों और युवा वर्ग के साथ मजबूत जुड़ाव की बदौलत ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूती से टिकी हुई है और विभिन्न बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ा रही है।

फिल्म की सफल दौड़ ने एक बार फिर साबित किया है कि रोमांटिक कॉमेडी शैली का आकर्षण आज भी बरकरार है। साथ ही, इसने मैडॉक फिल्म्स के उन सफल प्रोजेक्ट्स की सूची को और मजबूत किया है, जिनके जरिए प्रोडक्शन हाउस लगातार व्यावसायिक रूप से सफल मनोरंजक फिल्में दर्शकों तक पहुंचा रहा है।

‘कॉकटेल 2’ अब मैडॉक फिल्म्स की सफल फिल्मों की बढ़ती सूची में शामिल हो चुकी है। इसके बाद अब दर्शकों की नजर प्रोडक्शन हाउस की आगामी फिल्मों पर है। हाल ही में जारी ‘ईथा’ के फर्स्ट लुक और बहुप्रतीक्षित ‘प्रहार’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। प्रोडक्शन हाउस बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता की इस शानदार यात्रा को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म प्यार, दोस्ती और आधुनिक रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाने वाली कहानी पेश करती है।

फिल्म की कहानी लव रंजन और तरुण जैन ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। फिल्म रिश्तों पर एक ताजा लेकिन पुरानी यादों से जुड़ा नजरिया पेश करती है। मैडॉक फिल्म्स और लव रंजन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म फिलहाल सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित हो रही है।

Exit mobile version