July 25, 2026
National

सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने से कांग्रेस हताश : अमर कुमार बाउरी

Congress frustrated by Sonam Wangchuk ending his fast: Amar Kumar Bauri

झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर कुमार बाउरी ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने, कांग्रेस नेता इमरान मसूद की टिप्पणी और झारखंड के कथित जेपीएससी घोटाले की जांच को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को मनवाने की परंपरा का सम्मान होना चाहिए और सरकार द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने के बाद सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त करना उसी का उदाहरण है।

सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त करने की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता इमरान मसूद की प्रतिक्रिया पर अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं की मानसिकता देशहित के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की है। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद और कांग्रेस के बाकी नेताओं के मन में यह आस रहती है कि देश में अराजकता फैले। वे चाहते हैं कि ऐसा माहौल बने कि लोग दूसरे मुद्दों को भूल जाएं। लेकिन, सरकार की सकारात्मक पहल और मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद सोनम वांगचुक ने लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान करते हुए अपना अनशन समाप्त किया है। लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखकर ही समाधान निकाला जा सकता है, न कि हिंसा या दबाव के माध्यम से। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान मसूद का बयान उनकी हताशा और बेचैनी को दर्शाता है।

सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त करने के साथ रखी गई दो मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जिन प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा किया जा सकता था, उन पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं और आवश्यक आश्वासन भी दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी परीक्षा में गड़बड़ी न हो, इसके लिए पहले से मौजूद कानूनों को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही, परीक्षा में धांधली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जुड़े कथित घोटाले की जांच पर अमर कुमार बाउरी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान जांच केवल आईवॉश है। उन्होंने कहा कि यह जांच ही एक घोटाला है। राज्य में जितने भी बड़े घोटाले हुए हैं, जिनमें सरकार की सीधी संलिप्तता रही है, उन्हें बचाने और क्लीन चिट देने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बाउरी ने आरोप लगाया कि भाजपा जेपीएससी, जेएसएससी समेत कई परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मुद्दे को लगातार उठाती रही है। विधानसभा के भीतर भी भाजपा ने पूरी रात इन मामलों को लेकर आवाज उठाई थी और पहले ही ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को परीक्षा कराने तथा भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की ओर संकेत किया था। राज्य सरकार ने आर्थिक लाभ के लिए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। अब जब मामले की आंच सत्ता के शीर्ष स्तर तक पहुंच रही है, तब कुछ लोगों को बलि का बकरा बनाकर पूरे प्रकरण की लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले की सीबीआई से जांच नहीं कराई जाएगी, तब तक इस कथित घोटाले के वास्तविक जिम्मेदार लोगों का पता नहीं चल सकेगा। भाजपा सभी भर्ती परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच के लिए लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रही है। स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच होने पर ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।

Leave feedback about this

  • Service