भाजपा सांसद भीम सिंह ने नितिन नबीन की भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। दिल्ली में हुई कांग्रेस की रैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गंभीर नेता नहीं हैं और उनके नेतृत्व में कांग्रेस की दुर्गति होती जाएगी।
सांसद भीम सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की दुर्गति हो रही है और अगर वह नहीं सुधरे तो और दुर्गति होती जाएगी। एसआईआर, वोट चोरी, चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर वह राजनीति करना चाहते हैं लेकिन ये जनता को पसंद नहीं है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के मुद्दे पर राहुल गांधी ने बिहार में पदयात्रा तक की। बिहार की जनता ने इसका जवाब दे दिया और एनडीए को झोली भर-भरकर वोट दिए। एसआईआर और वोट चोरी मुद्दा है ही नहीं। जिन लोगों का मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़ा गया है, इसे हटाना चुनाव आयोग का वैधानिक कर्तव्य है।
सांसद भीम सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी माताजी 1983 में भारत की नागरिक बनती हैं और 1980 में ही वोटर लिस्ट में उनका नाम जोड़ दिया गया था। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि विदेशी होते हुए भी मतदाता सूची में नाम शामिल होना वोट चोरी है न?
पीएम मोदी पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की अपमानजनक टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। राजनीति में इतनी गिरावट कभी नहीं आई थी। राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है। ऐसा किसी भी राजनीतिक दल में नहीं देखा गया।
हिंदू संस्कृति को संरक्षित करने के मोहन भगवत के बयान का भीम सिंह ने समर्थन करते हुए कहा कि भारतीय लोगों को अपना आचरण ठीक करना होगा। जो भी हमें संस्कृति और सभ्यता में मिला है, उसके साथ लेकर चलना होगा।
नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भीम सिंह ने कहा कि नितिन नबीन को जो भी जिम्मेदारी दी गई, बड़ी सफलतापूर्वक उन्होंने निभाई है। उम्मीद है कि वह भाजपा की गरिमा को और बढ़ाएंगे। भाजपा ने बिहार के एक युवा को अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। नितिन नबीन के नेतृत्व में हमें पश्चिम बंगाल में बड़ी सफलता मिलेगा मिलेगी।

