N1Live National गृह मंत्री से मुलाकात को लेकर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा की सफाई, बोले- इसे राजनीतिक रंग देना गलत
National

गृह मंत्री से मुलाकात को लेकर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा की सफाई, बोले- इसे राजनीतिक रंग देना गलत

Congress MP Sukhjinder Randhawa's clarification regarding the meeting with the Home Minister, said - It is wrong to give it a political color

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने केंद्रीय गृह मंत्री से अपनी मुलाकात को लेकर सामने आ रही राजनीतिक अटकलों पर सफाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि कुछ मीडिया संस्थान उनकी मुलाकात को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है।

कांग्रेस सांसद रंधावा ने स्पष्ट किया कि यह बैठक पहले से तय थी और इसका उद्देश्य पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपना ज्ञापन सौंपना था।

सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बताया कि उन्होंने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक विस्तृत पत्र लिखकर पंजाब के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र की गंभीर सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया था। पत्र में उन्होंने कहा था कि गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जैसे सीमावर्ती जिले अब केवल राज्य की कानून-व्यवस्था का विषय नहीं रह गए हैं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बन चुके हैं।

पत्र में रंधावा ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल, ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी, विदेशों से संचालित गैंगस्टर नेटवर्क और रंगदारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 24 फरवरी 2026 को गुरदासपुर के अधियां गांव में पाकिस्तान की आईएसआई के निर्देश पर एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने इसे भारतीय जमीन पर पाकिस्तान प्रायोजित हमला बताया।

पत्र में दिसंबर 2024 में गुरदासपुर के बक्शीवाल पुलिस स्टेशन पर खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले का भी जिक्र किया गया। इसके अलावा गुरदासपुर में 50 लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर दवा कारोबारी रणबीर सिंह बेदी की हत्या, कलानौर में मेडिकल स्टोर और निजी अस्पताल पर फायरिंग, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नेता विजय कुमार सोनी के पेट्रोल पंप पर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के बाद हमला, अमृतसर में एक एनआरआई से 70 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और 1 जनवरी 2026 को आप सरपंच जरमल सिंह की हत्या जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया गया है।

कांग्रेस सांसद रंधावा ने यह भी आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में अमृतसर में सीमा पार से लाई गई 4 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल के साथ एक मॉड्यूल पकड़ा गया था। उन्होंने कहा कि कनाडा, अमेरिका और पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टर पंजाब में अपराधों को संचालित कर रहे हैं।

कांग्रेस सांसद ने पत्र में पंजाब पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल हो रहा है। ईमानदार अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है, जबकि महत्वपूर्ण पदों पर राजनीतिक रूप से अनुकूल अधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने मई 2026 में एएसआई जोगा सिंह की हत्या और जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में राज्यभर में हुई नौ हत्याओं का भी उल्लेख किया।

रंधावा ने प्रधानमंत्री से गृह मंत्रालय, एनआईए, आईबी, बीएसएफ और पंजाब पुलिस के बीच उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित करने, गुरदासपुर-अमृतसर-पठानकोट सीमा क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने, कनाडा, अमेरिका और पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टरों के खिलाफ कूटनीतिक और कानूनी कार्रवाई करने, पंजाब सरकार को पुलिस का निष्पक्ष उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देने तथा पाकिस्तान से होने वाली ड्रोन, हथियार और नशे की तस्करी की तत्काल समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री या केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात कर पंजाब की जमीनी स्थिति से अवगत कराने का भी अनुरोध किया।

बता दें कि पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होना प्रस्तावित है। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं। आगामी चुनाव को लेकर नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है।

Exit mobile version