N1Live National कांग्रेस केवल वादे करती है, उसे पूरा नहीं करती : भाजपा विधायक सीपी सिंह
National

कांग्रेस केवल वादे करती है, उसे पूरा नहीं करती : भाजपा विधायक सीपी सिंह

Congress only makes promises but does not fulfill them: BJP MLA CP Singh

11 जून । भाजपा विधायक सीपी सिंह ने नीति आयोग की बैठक, झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं और गृहलक्ष्मी योजना को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर वादाखिलाफी, तुष्टीकरण की राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाया।

नीति आयोग की बैठक को लेकर सीपी सिंह ने कहा कि ऐसी बैठकें समय-समय पर होती रहती हैं और यह एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। स्वाभाविक रूप से इसकी अध्यक्षता देश के प्रधानमंत्री करते हैं। नीति आयोग के पदाधिकारी इसमें शामिल होते हैं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी बैठक में भाग लेते हैं। राज्यों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री उठाते हैं और उसके बाद नीति आयोग उन विषयों पर आगे की कार्रवाई करता है। यह एक रूटीन बैठक है, जो समय-समय पर आयोजित की जाती है।

उन्होंने झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक को चुनाव लड़ने का अधिकार है। यदि किसी व्यक्ति को आवश्यक प्रस्तावक मिल जाते हैं, वह भारत का नागरिक है, मतदाता सूची में उसका नाम है, दिवालिया नहीं है और मानसिक रूप से स्वस्थ है, तो वह नामांकन दाखिल कर सकता है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड विधानसभा बुधवार को राजनीति का रणक्षेत्र बना रहा। इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंत्रियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा के पोर्टिको में धरना देना और नारेबाजी करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते विधानसभा के भीतर उनकी उपस्थिति समझ में आती है, लेकिन बाहरी लोगों को लेकर इस प्रकार का प्रदर्शन करना अनुचित है। ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए। विधानसभा सचिव ही राज्यसभा चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाते हैं और ऐसे में उन पर आरोप लगाना पूरी तरह गलत है। कानून अपना काम करेगा और रिटर्निंग ऑफिसर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखने संबंधी पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सुभंकर सरकार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं, तो ऐसी बातें करेंगे। लेकिन कांग्रेस को गधे को घोड़ा बनाने का सपना देखना छोड़ देना चाहिए।

गृहलक्ष्मी योजना को लेकर भी सीपी सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हिमाचल प्रदेश और झारखंड में किए गए वादों को कांग्रेस ने पूरा किया है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है और समाज को विभिन्न वर्गों में बांटकर चुनाव जीतने का प्रयास करती है। कांग्रेस किसी का भला नहीं कर सकती। जनता को अब समझना चाहिए कि कांग्रेस के वादों और वास्तविकता में बड़ा अंतर है।

Exit mobile version