June 11, 2026
Sports

विवाद और बेन स्टोक्स का पुराना नाता, स्टार ऑलराउंडर के करियर पर मंडरा रहे संकट के बादल

Controversy and Ben Stokes go way back; clouds of crisis hover over the star all-rounder’s career.

 

नई दिल्ली, बेन स्टोक्स की गिनती विश्व के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में की जाती है। स्टोक्स अकेले दम पर इंग्लैंड को कई यादगार मुकाबले जीता चुके हैं। हालांकि, बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने के लिए मशहूर स्टोक्स का विवादों से भी पुराना नाता रहा है। एक और विवाद के बाद अब स्टोक्स के इंटरनेशनल करियर पर संकट के बादल छा गए हैं।

दरअसल, लॉर्ड्स के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली जीत के बाद स्टोक्स और इंग्लैंड टीम ने पब और नाइट क्लब में जाकर खूब जश्न मनाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी दौरान स्टोक्स और गस एटकिंसन एक विवाद में पड़ गए, जहां रग्बी टीम के खिलाड़ियों से स्टोक्स-एटकिंसन की मारपीट तक हो गई। यह विवाद अब तूल पकड़ चुका है और स्टोक्स एक बार फिर जांच के घेरे में आ गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए स्टोक्स और एटकिंसन को टीम से ड्रॉप भी कर दिया गया है और जो रूट को कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया है।

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले के बाद स्टोक्स के भविष्य को लेकर कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब स्टोक्स किसी विवाद की वजह से सुर्खियों में हैं। साल 2017 में भी इसी तरह नाइट क्लब में मारपीट में शामिल रहे थे। इस मुकाबले में मुकदमा तक दर्ज हो गया था। वहीं, 2013 में स्टोक्स को जरूरत से अधिक शराब पीने की वजह से इंग्लैंड लायंस के दौरे से वापस भेज दिया गया था।

ताजा विवाद के बाद ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि स्टोक्स को शायद कप्तानी से हाथ धोना पड़े और उनके करियर पर भी खतरा मंडरा रहा है। सिर्फ इंग्लैंड ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक स्टोक्स अपनी खराब आदतों के कारण खुद के पैरों पर ही कुल्हाड़ी मारने का काम करते हैं।

हालांकि, सिर्फ स्टोक्स ही नहीं, इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास में टीम के दिग्गज ऑलराउंडर्स की कहानी कुछ ऐसी ही रही है। एंड्रयू फ्लिंटॉफ 2005 में एशेज सीरीज जीतने के बाद अधिक मात्रा में शराब पीने की वजह से विवादों में रहे थे। इसके साथ ही मैदान पर उनका आचरण हमेशा ही सुर्खियां का हिस्सा रहा। फ्लिंटॉफ से उपकप्तानी ले ली गई थी और उन पर एक मैच का बैन भी लगाया गया था। इंग्लैंड के एक और महान ऑलराउंडर इयान बॉथम भी 1986 में गांजा पीने की वजह से 63 दिनों के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा निलंबित कर दिए गए थे।

 

Leave feedback about this

  • Service