N1Live National मुरादाबाद में एसटीएफ से मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर
National

मुरादाबाद में एसटीएफ से मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर

Criminal carrying a reward of Rs 50,000 killed in encounter with STF in Moradabad

2 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को एसटीएफ ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। यह कार्रवाई एसटीएफ मेरठ यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मारा गया अपराधी कुख्यात उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर बताया जा रहा है, जो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

पुलिस के अनुसार, आशु चड्ढा पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और रंगदारी समेत कुल 36 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में वह मुरादाबाद के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी और एसटीएफ को उसकी लोकेशन के संबंध में सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में आशु चड्ढा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की फैक्ट्री मेड पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, भारी मात्रा में कारतूस और कई खोखे बरामद किए हैं। यह बरामदगी उसके आपराधिक नेटवर्क और सक्रियता को दर्शाती है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आशु मूल रूप से हापुड़ जिले के मीरपुर कला गांव का निवासी था। वर्ष 2010 में हत्या के एक मामले में वह जेल गया था, जहां उसकी मुलाकात उधम सिंह गैंग के सदस्यों से हुई। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने इस गैंग के साथ मिलकर काम करना शुरू कर दिया।

धीरे-धीरे उसने अपराध को ही अपना पेशा बना लिया और लूट, हत्या और रंगदारी जैसी वारदातों में सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वह गैंग का भरोसेमंद शूटर बन चुका था और कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है।

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Exit mobile version