November 16, 2026
National

सीआरपीएफ ने पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट बढ़ाया, कुलगाम हमलावरों के बारे में मिले अहम सुराग : एसडीडजी संदीप खिरवार

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि कुलगाम जिले में 11 नवंबर को हुए हमले के बाद बल ने पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट बढ़ा दिया है।

स्पेशल डीजी ने बताया कि सीआरपीएफ ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अलर्ट बढ़ा दिया है, क्योंकि इस हमले में उसके तीन जवान घायल हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को हमले में शामिल लोगों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें सजा दिलाने की कोशिशें चल रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस समय ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया जा सकता।

जब उनसे पूछा गया कि क्या हमलावरों की पहचान हो गई है, तो उन्होंने कहा, “हम इस हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं और उन्हें सजा दिलाकर रहेंगे।”

स्पेशल डीजी ने आईएएनएस को बताया, “स्थिति नियंत्रण में है। हमने ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं और हम इन्हें जारी रखेंगे, क्योंकि हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं। हमें उम्मीद है कि हम इसे इसके तार्किक अंजाम तक पहुंचा पाएंगे। हमने अपने सभी जवानों और पूरी फोर्स को निर्देश दिया है कि वे ऑपरेशन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन करें और पूरी तरह सतर्क रहें।”

बता दें कि 11 नवंबर को कुलगाम जिले के मीर बाजार के पास अखरान में आतंकवादियों ने एक सुरक्षा चेकपॉइंट पर गोलीबारी की, जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

कुलगाम हमले के 24 घंटे के भीतर ही आतंकवादियों ने किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स, बाबी चंद और यशपाल कुमार, की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि ये दोनों एक आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन के दौरान सेना के साथ जुड़ने के लिए जा रहे थे।

इन दो हमलों के बाद, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद खत्म होने या इसके अंतिम सांसें गिनने के सरकारी दावों की कड़ी आलोचना हो रही है। सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जो लोग अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने का दावा कर रहे थे, वे गलत हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस बात पर सवाल उठाया है कि आतंकवादियों की संख्या तक का पता नहीं था, फिर .303 राइफल और इंसास राइफल से लैस दो जवानों को घने जंगल में क्यों भेजा गया?

Leave feedback about this

  • Service