बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड में दिखने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बारिश शुरू हो गई है। मौसम में आए बदलाव के बीच मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक रह सकता है। इनमें रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इन इलाकों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। 21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित आसपास के जिलों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसके बाद मौसम में सुधार और आसमान साफ होने के आसार हैं। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि लगभग 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। तेज हवा और भारी बारिश से खड़ी फसल के साथ खेतों में काटकर रखे गए धान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। संभावित स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज कर दी है।
आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी जिलों के उपायुक्तों, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्हें जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने और ग्रामीण सड़कों के बाधित होने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किसानों से पकी हुई फसल की जल्द कटाई कर उसे सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखने की अपील की है। कृषि विभाग और जिला प्रशासन को बारिश से फसल को नुकसान होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे करने तथा प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाइयां, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को कहा गया है।
वहीं, बिजली विभाग को तेज हवा और पेड़ गिरने से बिजली के तारों, फीडरों और ट्रांसफार्मरों को होने वाले नुकसान की स्थिति में तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे नहीं रहने की अपील की है। गरज-चमक और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई है।


Leave feedback about this