N1Live Entertainment ‘डकैत’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत, दो दिनों में 13.55 करोड़ का आंकड़ा किया पार
Entertainment

‘डकैत’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत, दो दिनों में 13.55 करोड़ का आंकड़ा किया पार

'Dakait' has a great start at the box office, crossing Rs 13.55 crore in two days.

13 अप्रैल । सिनेमाघरों में इन दिनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। इस कड़ी में रोमांटिक एक्शन थ्रिलर फिल्म’डकैत: एक प्रेम कथा’ रिलीज हुई, जिसने शुरुआती दिनों में ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी। कई बार रिलीज डेट टलने के बाद आखिरकार यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और अब यह बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

अगर फिल्म की कमाई की बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘डकैत’ ने पहले दिन 6.55 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जबकि दूसरे दिन फिल्म की कमाई में हल्का उछाल देखने को मिला और इसने लगभग 7 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इस तरह महज दो दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 13.55 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।

विदेशों में भी फिल्म ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। दूसरे दिन ‘डकैत’ ने करीब 2.50 करोड़ रुपए की कमाई की, जिसके चलते विदेशी बाजार में फिल्म का कुल कलेक्शन 9 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। अगर घरेलू और विदेशी कमाई को जोड़ा जाए, तो फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 24.81 करोड़ रुपए हो चुका है। शुरुआती दिनों के लिहाज से यह आंकड़ा अच्छा माना जा रहा है।

फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर ‘धुरंधर 2’ से, जिसमें रणवीर सिंह, आर.माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कई बड़े कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म पहले से ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है।

अब अगर फिल्म की कहानी की बात करें तो यह एक ऐसे अपराधी की कहानी है, जो अपने अतीत में मिले धोखे के बाद बदले की राह पर निकल पड़ता है। फिल्म में अदिवी शेष ‘हरि’ नाम के व्यक्ति के किरदार में हैं, जो जेल से बाहर आने के बाद अपने पुराने रिश्ते से हिसाब चुकता करना चाहता है। वहीं, मृणाल ठाकुर सरस्वती के किरदार में दिखाई देती हैं, जिसकी गवाही के कारण हरि की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। जब दोनों की मुलाकात दोबारा होती है, तो कहानी में टकराव देखने को मिलता है।

फिल्म में अनुराग कश्यप, प्रकाश राज और अतुल कुलकर्णी जैसे अनुभवी कलाकार शामिल हैं। फिल्म की कहानी खुद अदिवि शेष और शनेल देव ने मिलकर लिखी है।

Exit mobile version