March 20, 2026
Entertainment

‘डकैत’ मेरा अब तक का सबसे शानदार किरदार : अदिवि शेष

‘Dakait’ is my best character till date: Adivi Sesh

20 मार्च । अभिनेता-लेखक और निर्देशक अदिवि शेष अपनी अपकमिंग फिल्म ‘डकैत’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में उनका किरदार अब तक का सबसे जीवंत और शानदार किरदार है, जिसे उन्होंने पर्दे पर निभाया है।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में अदिवि ने बताया, “यह निश्चित रूप से मेरा सबसे जीवंत किरदार है। मैं नहीं कहूंगा कि यह पूरी तरह किरदार-प्रधान फिल्म है, जैसे ‘अर्जुन रेड्डी’ थी, लेकिन मेरी पिछली फिल्मों की तुलना में यह कहीं ज्यादा किरदार-प्रधान है। मेरी फिल्मों में हमेशा ट्विस्ट होते थे, जो मुझे पसंद थे। लेकिन इस बार मैं फिल्म की भावनाओं के प्यार में पड़ गया हूं।”

यह फिल्म अदिवि शेष के लिए एक नया बदलाव है। उनकी पिछली जासूसी थ्रिलर फिल्मों से अलग, यह ज्यादा कमर्शियल और भावनात्मक फॉर्मेट की ओर है।

उन्होंने बताया, “इस फिल्म में बड़ा सवाल यह नहीं है कि किसने मर्डर किया या कौन दोषी है। असली कहानी भावनाओं की है जिसमें 13 साल बाद दो पुराने प्रेमियों की यात्रा की कहानी है। हमने इसे एक हिंसक दौर में सेट किया है, जहां बंदूकें, गोलियां, आग, बारिश, गर्मी और रेगिस्तान के बीच दोनों फंसे हुए हैं। यह सिर्फ दो लोगों का फिर से मिलना नहीं बल्कि एक खतरनाक माहौल में उनकी भावनात्मक यात्रा है।”

‘डकैत: ए लव स्टोरी’ में अदिवि शेष के साथ मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन शेनिल देव ने किया है। यह दो भाषाओं तेलुगु और हिंदी में बनी फिल्म है।

फिल्म की कहानी पर नजर डालें तो यह दो पुराने प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो फिर से मिलते हैं और साथ मिलकर कई जगह डकैती करते हैं। फिल्म में क्राइम, एक्शन और रोमांस के तत्व मजबूती से शामिल हैं। फिल्म का निर्माण सुप्रिया यारलागड्डा ने किया है।

अदिवि की अपकमिंग फिल्म दर्शकों को एक्शन से भरपूर रोमांटिक थ्रिलर का अनुभव देगी, जहां प्यार और क्राइम एक साथ चलते हैं। ‘डकैत’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service