N1Live Entertainment अस्पताल के दिनों को याद कर भावुक हुए डेविड धवन, बोले- ‘हर पिता को वरुण जैसा बेटा मिले’
Entertainment

अस्पताल के दिनों को याद कर भावुक हुए डेविड धवन, बोले- ‘हर पिता को वरुण जैसा बेटा मिले’

David Dhawan became emotional remembering his hospital days, saying, 'Every father should have a son like Varun'

बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। इस बीच फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस दौरान इवेंट में फिल्म निर्देशक डेविड धवन अस्पताल के दिनों को याद करते हुए भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि वरुण हर समय उनके साथ खड़े रहे और उनकी देखभाल करते रहे।

ट्रेलर लॉन्च इवेंट में डेविड धवन ने बताया, ”जब मैं अस्पताल में था, तब वरुण ने एक बेटे का फर्ज पूरी ईमानदारी से निभाया। वह कई रातें अस्पताल में मेरे साथ रुकता था। हर पिता को वरुण जैसा बेटा मिलना चाहिए। एक पिता के तौर पर मुझे अपने बेटे पर गर्व है।”

डेविड धवन ने वरुण के काम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ”वरुण धवन लगातार खुद को बेहतर बना रहा है और एक अभिनेता के तौर पर हर फिल्म में कुछ नया करने की कोशिश करता है। अगर निर्देशक को किसी तरह का अभिनय चाहिए होता है, तो वरुण उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाने की कोशिश करता है। मुझे अपने बेटे के अभिनेता बनने से ज्यादा इस बात की खुशी है कि वह एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार बेटा है।”

ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने आगे कहा, ”यह मेरे करियर की 46वीं फिल्म है, और आज भी दर्शकों का मनोरंजन करना मुझे सबसे ज्यादा खुशी देता है। मैं हमेशा ऐसी फिल्में बनाना पसंद करता हूं, जिन्हें पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके।

फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ डेविड धवन और वरुण धवन के साथ में चौथी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘मैं तेरा हीरो’, ‘जुड़वा 2’ और ‘कुली नंबर 1’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इन फिल्मों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

इस फिल्म में वरुण धवन के साथ अभिनेत्री मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। वहीं मौनी रॉय, चंकी पांडे, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, राकेश बेदी और अली असगर जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म में कॉमेडी, रोमांस, परिवार और इमोशन्स का पूरा मिश्रण देखने को मिलेगा।

‘है जवानी तो इश्क होना है’ को टिप्स फिल्म्स लिमिटेड और मैक्सिमिलियन फिल्म्स यूके मिलकर बना रहे हैं। यह फिल्म इस साल 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version