N1Live National दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का मंगलवार को उद्घाटन, उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
National

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का मंगलवार को उद्घाटन, उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी

Delhi-Dehradun Expressway to be inaugurated on Tuesday; PM Modi to visit Uttarakhand

13 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। यह दौरा राज्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री इस दौरान बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और टिहरी में 1,000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे।

इसे लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस एक्सप्रेसवे का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: उम्मीदों की उड़ान।”

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसकी खास बात राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के बीच से गुजरने वाला 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है, जो एशिया का सबसे लंबा कॉरिडोर माना जा रहा है। इससे हाथी और बाघ जैसे वन्यजीव सुरक्षित रूप से सड़क के नीचे से गुजर सकेंगे।

इसके अलावा डाट काली मंदिर के पास 340 मीटर लंबी नई सुरंग बनाई गई है, जिससे पुराने घुमावदार पहाड़ी रास्तों की जगह सीधा और आसान रास्ता मिलेगा। एक्सप्रेसवे 6 से 12 लेन का है, जिसमें दिल्ली के अक्षरधाम से लोनी तक का हिस्सा 12 लेन का बनाया गया है। इसकी डिज़ाइन स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।

यह एक्सप्रेसवे अक्षरधाम मंदिर से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों से होते हुए देहरादून तक पहुंचेगा। इसमें 50.7 किलोमीटर लंबा हरिद्वार स्पर भी शामिल है, जिससे दिल्ली से हरिद्वार की दूरी करीब 2 घंटे में तय की जा सकेगी। साथ ही अंबाला को जोड़ने वाला एक और स्पर भी बनाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव रहा है। उनका पहला दौरा 2015 में ऋषिकेश में हुआ था। तब से वे केदारनाथ मंदिर के पांच दौरे कर चुके हैं और बद्रीनाथ, मुखबा व आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कर चुके हैं।

Exit mobile version