May 19, 2026
National

दिल्ली: अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 1200 क्वार्टर शराब के साथ सप्लायर गिरफ्तार

Delhi: Illegal liquor smuggling busted, supplier arrested with 1200 quarters of liquor

दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), शाहदरा जिला ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1200 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की है।

पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी एक प्रेस नोट में बताया गया कि 15 मई को एएनटीएफ/शाहदरा को गुप्त सूचना मिली थी कि आनंद नामक व्यक्ति शाम करीब 7:30 बजे दिलशाद गार्डन के जे एंड के ब्लॉक इलाके में सफेद रंग की हुंडई एक्सेंट कार से अवैध शराब की खेप पहुंचाने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल विकास मलिक, राजेश कुमार, पंकज कुमार, वेदपाल और कांस्टेबल अर्जुन शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी विवेक विहार और डीसीपी शाहदरा की निगरानी में की गई।

पुलिस टीम ने मेन रोड, जे एंड के ब्लॉक, दिलशाद गार्डन के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 180 एमएल की 1200 क्वार्टर शराब जब्त की। साथ ही, शराब की ढुलाई में इस्तेमाल हो रही कार को भी कब्जे में लिया गया।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सीमापुरी थाने में एफआईआर संख्या 337/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दिल्ली के कड़कड़डूमा निवासी आनंद (33) के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह आर्थिक तंगी के कारण अवैध शराब की सप्लाई और परिवहन के धंधे में शामिल हुआ। उसने इस नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब शराब सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। इस पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave feedback about this

  • Service