N1Live National दिल्ली अब विकसित भारत का संकल्प ले आगे बढ़ रही है: अलका गुर्जर
National

दिल्ली अब विकसित भारत का संकल्प ले आगे बढ़ रही है: अलका गुर्जर

Delhi is now moving forward with the resolve of developed India: Alka Gurjar

दिल्ली की बीजेपी सरकार के तहत रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री के साथ छह नेता दिल्ली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। भारतीय जनता पार्टी नेता अलका गुर्जर ने दावा किया कि दिल्ली वालों की भलाई के लिए पार्टी अब अपने संकल्प को पूरा करेगी।

उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “दिल्ली को विकास के नए आयाम देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की महिला मुख्यमंत्री, पीएम मोदी की गारंटी के साथ जुड़कर, दिल्ली को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ रही हैं। चाहे महिला मुख्यमंत्री हों या पुरुष हर कोई पीएम मोदी के संकल्प के साथ जुड़ा हुआ है। मोदी सरकार की ओर से दी गई गारंटी को पूरा करने की प्रतिबद्धता के साथ, दिल्ली अपने विकास के नए पड़ाव पर पहुंचेगी और विकसित भारत के साथ इसका विकास भी जुड़ेगा। दिल्ली अब विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। दिल्ली के निवासियों को शुभकामनाएं! अब दिल्ली विकास के नए आयाम हासिल करेगी और पीएम मोदी की गारंटी को पूरा करेगी। इसके साथ ही, हमने जो दस संकल्प लिए थे जैसे यमुना की सफाई और दिल्ली के विकास से जुड़ी तमाम योजनाएं। उन्हें भी पूरा किया जाएगा।”

बता दें कि शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। इनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी कमान संभाल चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.15 रामलीला मैदान में आयोजित होगा। उनके साथ 6 मंत्री- प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे।

6 मंत्रियों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना आज दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी भी पूरी कर ली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी इसमें शामिल होंगे।

रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए एनएसजी कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान तैनात हैं। दिल्ली में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 15 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं।

बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था। सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ” पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”

Exit mobile version