May 23, 2026
National

दिल्ली : शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

Delhi: Massive fire breaks out in Shastri Park Furniture Market, goods worth crores gutted in ashes

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में देर रात एक फर्नीचर बाजार में भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। वहीं, दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली अग्निशमन सेवा के नियंत्रण कक्ष को शुक्रवार रात करीब 11:57 बजे आग लगने की सूचना मिली। रात 1:20 बजे तक करीब 25 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी थीं और आग बुझाने का काम जारी था।

बाजार में लगी आग तेजी से कई दुकानों तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं छा गया। आग से करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है, क्योंकि कई फर्नीचर यूनिट और सामान जलकर खाक हो गए। वहीं, स्थानीय लोग अपनी दुकानें और सामान जलता देख आक्रोशित हो उठे और हंगामा करते हुए दमकल कर्मियों के वाहनों पर पथराव किया।

मौके पर मौजूद एक दमकलकर्मी ने कहा, “लोगों ने हमारे वाहनों को नुकसान पहुंचाया। वे हमें काम नहीं करने दे रहे हैं। हम क्या कर सकते हैं? यहां पुलिस भेजी जानी चाहिए। आपातकालीन कॉल मिलने के बाद हम यहां पहुंचे हैं।”

हालांकि, स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों पर आपात स्थिति में देरी से प्रतिक्रिया देने का आरोप लगाया। एक स्थानीय निवासी ने दावा किया, “आग पिछले तीन घंटों से भयंकर रूप से लगी हुई थी। सूचना देने के बाद शुरुआत में दमकल विभाग नहीं पहुंचा। बाद में दो दमकल गाड़ियां आईं, लेकिन उनमें से एक में आधा ही पानी था और उसका पाइप भी क्षतिग्रस्त था।”

एक अन्य निवासी ने घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए कहा, “हमारे कई परिचितों की यहां दुकानें हैं। करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। आग जानबूझकर लगाई गई थी और यह राजनीतिक कारणों से पूर्व-नियोजित साजिश थी।”

इस बीच, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और दिल्ली पुलिस की टीमें आग लगने के कारणों की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। फिलहाल, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जबकि आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास कई घंटों तक जारी रहे।

Leave feedback about this

  • Service