April 4, 2026
National

दिल्ली: द्वारका में पुलिस की कार्रवाई, चोरी की स्कूटी और अवैध चाकू के साथ वाहन चोर गिरफ्तार

Delhi: Police action in Dwarka, vehicle thief arrested with stolen scooter and illegal knife

4 अप्रैल । द्वारका में मुस्तैद पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को दबोचा है। तलाशी में आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी और एक बटनदार चाकू मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक और चोरी की दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।

यह कार्रवाई थाना सेक्टर-23 द्वारका की पुलिस टीम ने की, जो सहायक पुलिस आयुक्त किशोर कुमार रेवाला और थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र छिल्लर के पर्यवेक्षण में काम कर रही थी। पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी, तभी उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी पर भागने की कोशिश करते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया और जांच की।

जांच के दौरान आरोपी के पास से सफेद रंग की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस द्वारा वाहन की जांच करने पर पता चला कि यह स्कूटी उत्तम नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मामला दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी की टीवीएस स्कूटी बरामद की, जो सेक्टर-23 द्वारका थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस तरह पुलिस ने दो वाहन चोरी के मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का नाम रवि रंजन है, जिसकी उम्र 24 वर्ष है। वह गोयला डेयरी इलाके का रहने वाला है। आरोपी एक आदतन वाहन चोर है और पहले भी कई वाहन चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पारिवारिक जानकारी के अनुसार, आरोपी के पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी मां और दो भाइयों के साथ रहता है। आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद वह अपराध के रास्ते पर चल पड़ा।

अवैध चाकू बरामद होने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।

Leave feedback about this

  • Service