N1Live National दिल्ली पुलिस ने चोरी करते हुए चोर को किया गिरफ्तार, सामान बरामद
National

दिल्ली पुलिस ने चोरी करते हुए चोर को किया गिरफ्तार, सामान बरामद

Delhi Police arrested a thief while stealing, recovered the goods.

28 मार्च । पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पुलिस ने एक चोर को चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया घरेलू सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, विकास मार्ग स्थित एक मकान में चोरी की घटना सामने आई। शिकायतकर्ता अब्दुल बासित जब अपने घर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि घर के अंदर के ताले टूटे हुए हैं और सामान गायब है। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो बालकनी के पास से हरे रंग का थैला लेकर निकल रहा था। शक होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी भागने लगा।

घर में शोर मचाने की आवाज सुनते ही प्रीत विहार थाने की गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सोहन कालिया (30) के रूप में हुई, जो चित्रा विहार झुग्गी का निवासी है। वहीं पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राम सिंह और कांस्टेबल बिजेंद्र शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी के पास मिले थैले की तलाशी लेने पर उसमें चोरी का कई घरेलू सामान बरामद हुआ। बरामद वस्तुओं में इलेक्ट्रिक वायरिंग सेट, बाथरूम फिटिंग पाइप, हैंड शॉवर, नकली ज्वेलरी, स्टील का फ्राई पैन, इलेक्ट्रिक जूसर और एक्सटेंशन बोर्ड शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने मौके पर ही सभी सामान की पहचान कर ली।

इस संबंध में प्रीत विहार थाने में एफआईआर संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और 35 से अधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें चोरी, झपटमारी, लूट और वाहन चोरी जैसे अपराध शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहता है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग और अपराध पर नियंत्रण के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Exit mobile version