May 4, 2026
National

दिल्लीः खुले नाले में गिरने से दो साल की बच्ची की मौत

A man committed suicide by jumping from the 10th floor of a society in Gurugram.

3 मई । आउटर नॉर्थ दिल्ली में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मुकुंदपुर इलाके में दो साल की बच्ची की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके के ईशु विहार क्षेत्र में लंबे समय से नाला बिना ढके खुला पड़ा है और पहले भी कई बार दुर्घटनाओं की वजह बन चुका है। ईशु विहार में रहने वाली 2 वर्षीय आश्वी घर के बाहर खेल रही थी, लेकिन अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

कुछ देर बाद परिवार को पास के गहरे नाले पर शक हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से नाले में खोजबीन की गई, जहां बच्ची दलदल में फंसी मिली। बच्ची को बाहर निकाल कर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बच्चे इस नाले में गिर चुके हैं, हालांकि उन्हें समय रहते बचा लिया गया था। स्थानीय निवासियों ने इस हादसे के लिए संबंधित विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि नाला काफी गहरा है और बिना ढक्कन के खुला होने के कारण हमेशा खतरा बना रहता है।

कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है और कहा है कि यदि समय रहते नाले को ढक दिया जाता या सुरक्षा उपाय किए जाते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। यह घटना एक बार फिर लापरवाही के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है। पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर में हादसे की जानकारी मिलने के मौके पर टीम पहुंची थी। फिलहाल हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service