जल मित्र सामाजिक संगठन ने बुधवार को पटना में अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश की आजादी का संकल्प को लेकर जिन महान सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर किए, वैसे सपूतों के आदर्शों पर युवा पीढ़ी को चलने का संकल्प लेना होगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जुब्बा साहनी की शहादत से हमें प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सकलदेव बिंद और उनके साथियों को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी। इससे पहले डिप्टी सीएम चौधरी ने जुब्बा साहनी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सहकारिता मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी सहित प्रदेश से जुब्बा साहनी को मानने वाले सैकड़ों लोग पहुंचे।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि हम सब मां भारती के संतान हैं। जुब्बा साहनी भारत माता के वीर सपूत थे। इन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी। जुब्बा साहनी की शहादत हमें गौरवान्वित करती है। हम जुब्बा साहनी के सपनों का भारत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में हरेक वर्ग का सम्मान है। भय, भूख और भ्रष्टाचार को हटाने के लिए हम सब प्रतिबद्ध हैं। हमने लूट की संस्कृति को बदलकर सुशासन ला दिया है। भाजपा का कार्यकर्ता तुलसी के पत्ते की तरह है। इसमें सभी कार्यकर्ता एक समान हैं।
जल मित्र सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सकलदेव बिंद ने कहा कि अमर शहीद जुब्बा साहनी महान स्वतंत्रता सेनानी थे। इस वीर बहादुर ने अंग्रेजों को देश से भगाया था। निषाद समाज का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि हम सब जुब्बा साहनी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।
सकलदेव बिंद ने चिंता जताते हुए कहा कि निषाद समाज की आबादी इस प्रदेश की तीसरी बड़ी आबादी है, लेकिन आज तक उचित भागीदारी नहीं मिली। उन्होंने भरोसा देते हुए कहा कि पूरे बिहार में अगर कहीं भी निषाद समाज पर अत्याचार होगा, वहां सकलदेव बिंद खड़ा रहेगा।
अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस के अवसर पर केशव मूवी एंटरटेनमेंट के द्वारा ‘जुब्बा दी वॉरियर’ भोजपुरी फिल्म का पोस्टर रिलीज किया गया। इस फिल्म का निर्देशन अमित विक्रम कर रहे हैं। यह फिल्म 2029 के जनवरी महीने में रिलीज होगी। इस मौके पर मुकेश निषाद, सतीश चौहान, सरिता रानी बिंद, रिंकी बिंद, दीपक साहनी सहित हजारों लोग मौजूद थे।


Leave feedback about this