N1Live Entertainment साधारण चेहरे में असाधारण प्रतिभा का नाम धनुष; एक्टिंग के साथ लेखक, गायक और निर्देशक के रूप में छोड़ी छाप
Entertainment

साधारण चेहरे में असाधारण प्रतिभा का नाम धनुष; एक्टिंग के साथ लेखक, गायक और निर्देशक के रूप में छोड़ी छाप

Dhanush: extraordinary talent in an unassuming face; he has made his mark not only as an actor but also as a writer, singer, and director.

​भारतीय सिनेमा में जब भी सहजता, बेहतरीन अभिनय और विविधता की बात होती है, तो धनुष का नाम सबसे प्रमुख अभिनेताओं में गिना जाता है। अपनी सादगी और असाधारण अभिनय क्षमता के बल पर उन्होंने न केवल तमिल सिनेमा बल्कि बॉलीवुड और हॉलीवुड तक अपनी धाक जमाई है।

28 जुलाई 1983 को तमिलनाडु में प्रसिद्ध निर्देशक और निर्माता कस्तूरी राजा के घर में जन्मे ​धनुष का वास्तविक नाम वेंकटेश प्रभु कस्तूरी राजा है। धनुष ने शुरुआत में कभी अभिनेता बनने का सपना नहीं देखा था, वे शेफ बनना चाहते थे। हालांकि, अपने पिता और भाई (निर्देशक सेल्वाराघवन) के कहने पर उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा।

धनुष ने 18 नवंबर 2004 को रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से शादी की। उनके दो बेटे यात्रा और लिंगा हैं, जिनका जन्म 2006 और 2010 में हुआ। हालांकि अब धनुष और ऐश्वर्या अलग हो चुके हैं। इस जोड़े ने 2022 में डिवोर्स के ऐलान के बाद नवंबर 2024 में कोर्ट ने तलाक की मंजूरी।

धनुष ने 2002 में फिल्म ‘तुल्लुवधो इलमई’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। ​धनुष ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में दी हैं, जिन्होंने उनके अभिनय का लोहा मनवाया। 2011 में आई फिल्म ‘3’ का गाना “व्हाइट दिस कोलावेरी डी” इंटरनेट पर रातों-रात वायरल हो गया। इस गाने को स्वयं धनुष ने गाया और लिखा था। इस गाने ने उन्हें देश-विदेश में हर वर्ग के दर्शक के बीच लोकप्रिय बना दिया।

2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलाईइल्ला पट्टाधारी’ (वीआईपी) में एक बेरोजगार इंजीनियर रघुवरन की भूमिका निभाकर उन्होंने हर युवा के दिल में जगह बनाई। इस फिल्म की सफलता के बाद इसका सीक्वल वीआईपी 2 भी बनाया गया।

धनुष ने 2013 में आनंद एल. राय की फिल्म ‘रांझणा’ से बॉलीवुड में कदम रखा। कुंदन के किरदार में उनके अभिनय ने सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद वे ‘अतरंगी रे’ और ‘शमिताभ’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए। धनुष ने हॉलीवुड फिल्म ‘द एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ द फकीर’ और नेटफ्लिक्स की एक्शन फिल्म ‘द ग्रे मैन’ में काम करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

​धनुष सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं हैं, बल्कि वे सिनेमा के विभिन्न क्षेत्रों में पारंगत हैं। उन्होंने कई लोकप्रिय तमिल गाने गाए और लिखे हैं। उन्होंने फिल्म ‘पा पांडी’ से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा और अपनी निर्माण कंपनी वंडरबार फिल्म्स के तहत कई बेहतरीन फिल्मों का निर्माण किया है।

​धनुष की गिनती देश के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में होती है। उन्हें उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, ​आडुकलम – 2010, ​असुरन – 2019 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है। ​इसके अलावा, निर्माता के रूप में फिल्म काका मुत्तै और विशारनाई के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।

Exit mobile version