March 19, 2026
Entertainment

‘धुरंधर 2’ का नया गाना ‘मैं और तू’ रिलीज, दुश्मन को तबाह करते नजर आए रणवीर सिंह

‘Dhurandhar 2’ new song ‘Main Aur Tu’ released, Ranveer Singh seen destroying the enemy

19 मार्च । आदित्य धर के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का इंतजार दर्शक बेसब्री से कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘मैं और तू’ रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।

‘मैं और तू’ एक ऐसा गाना है, जो लोगों के दिल को छू लेगा। ‘जानेमन, जानेमन, तू जाएगा कहां, तू है नूर-ए-नजर मेरी, दिल मेरा तुझपे फिदा’ जैसे बोल इस गाने को खास बनाते हैं। इसे जैस्मीन सैंडलस, रिबेल और शाश्वत सचदेव ने अपनी दमदार आवाज में पिरोया है। वीडियो में रणवीर सिंह तबाही बनकर आते नजर आ रहे हैं। वह हथियारों और धमाकों से दुश्मन को खाक में मिलाते दिख रहे हैं।

गाने में संगीत भी शाश्वत ने दिया है, जबकि इसे जैस्मिन और रिबेल ने मिलकर लिखा है। आवाज और संगीत का मेल सीधे दिल तक पहुंचता है।

बता दें, हाल ही में फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘आरी आरी’ रिलीज किया गया था, जो कि बॉम्बे रॉकर्स के हिट गाने का रीमेक था।

गाने के रिलीज होते ही फैंस की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से सामने आने लगी हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस गाने की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

अगर फिल्म की बात करें तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जिनका किरदार पहले पार्ट में ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुका है। इस बार उनका किरदार ज्यादा दमदार और गहराई से भरा हुआ नजर आने वाला है।

फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जबकि निर्माता आदित्य के अलावा लोकेश धर और ज्योति देशपांडे हैं।

‘धुरंधर 2’ की खास बात यह है कि इसमें एक्शन, इमोशन और ड्रामा का शानदार मेल देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।

Leave feedback about this

  • Service