February 9, 2026
Entertainment

दिलीप कुमार और अनिल कपूर की ‘मशाल’ की 42वीं सालगिरह, पोस्ट के जरिए यादों को किया ताजा

Dilip Kumar and Anil Kapoor’s ‘Mashaal’ celebrates 42nd anniversary, reminiscing through posts

9 फरवरी । साल 1984 की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मशाल’ ने सोमवार को अपनी रिलीज के 42 साल पूरे कर लिए हैं। इस फिल्म में अभिनेता अनिल कपूर दिलीप कुमार और अमरीश पुरी के साथ नजर आए थे। इस फिल्म ने अभिनेता अनिल कपूर को बड़ी पहचान दिलाई थी।

अभिनेता अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम के जरिए फिल्म मशाल के 42 साल पूरे होने की खुशी जाहिर की। उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म का पोस्टर पोस्ट किया। अनिल ने लिखा, “फिल्म मशाल के 42 साल पूरे होने का जश्न।”

यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित फिल्म एक सामाजिक कहानी पर आधारित थी, जिसमें अपराध, न्याय और परिवार की भावनाओं को खूबसूरती से पेश किया गया था।

यह फिल्म मराठी नाटक ‘आश्रूंची झाली फुले’ पर आधारित थी। फिल्म की कहानी जावेद अख्तर ने लिखी। बताया जाता है कि सलीम-जावेद की जोड़ी टूटने के बाद बतौर सोलो राइटर के तौर पर ये जावेद अख्तर की पहली फिल्म थी।

फिल्म में अनिल कपूर ने ‘राजा’ नामक एक झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले युवक की भूमिका निभाई थी, जो बाद में एक पत्रकार बनता है। दिलीप कुमार ने एक ईमानदार संपादक विनोद कुमार की भूमिका निभाई थी। इसकी कहानी भ्रष्ट समाज और माफिया के खिलाफ लड़ाई के साथ-साथ एक ईमानदार पत्रकार के अपने आदर्शों को खोने और फिर से पाने की यात्रा पर आधारित है। फिल्म में अमरीश, अनिल और दिलीप के अलावा, रति अग्निहोत्री और वहीदा रहमान भी प्रमुख भूमिकाओं में थीं।

अनिल कपूर की बात करें तो वे जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ में नजर आएंगे। अभिनेता इसमें पहली बार विजय वर्मा के साथ पर्दे पर नजर आएंगे। यह एक हाई-स्टेक्स कॉर्पोरेट ड्रामा सीरीज है, जिसे हंसल मेहता ने निर्देशित किया है। सीरीज में सत्ता और परिवार के संघर्ष को दिखाया गया है। सीरीज में अनिल और विजय के अलावा, रिया, आकाश खुराना, नेहा धूपिया, अनंत नाग, कंवलजीत सिंह, ध्रुव सहगल, नंदिश संधू, टीना देसाई, और रायमा सेन समेत कई दमदार कलाकार नजर आएंगे।

Leave feedback about this

  • Service