N1Live National ‘घबराएं नहीं, ये सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम का टेस्ट संदेश’, देशभर में मोबाइल फोन पर आए अलर्ट पर बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया
National

‘घबराएं नहीं, ये सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम का टेस्ट संदेश’, देशभर में मोबाइल फोन पर आए अलर्ट पर बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया

"Don't panic, this is a test message from the cell broadcast system," Jyotiraditya Scindia said after receiving alerts on mobile phones across the country.

2 मई । भारत ने शनिवार को स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह पहल नागरिक सुरक्षा को और मजबूत करने व आपदा के समय त्वरित सूचना सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पष्ट किया कि यह भारत की नई मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का एक परीक्षण संदेश है, जिसे दूरसंचार विभाग की टीम ने सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के माध्यम से विकसित किया है।

सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अलर्ट की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “यदि आपके मोबाइल पर इस प्रकार का संदेश प्राप्त हुआ है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह भारत की नई मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का एक परीक्षण संदेश है, जिसे दूरसंचार विभाग के प्रमुख अनुसंधान और विकास केंद्र सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमेटिक्स (सी-डॉट) की टीम ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के माध्यम से विकसित किया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “अब भविष्य में इसी प्रणाली के माध्यम से आपदा या आपातकाल की स्थिति में स्थानीय भाषा और लोकेशन के अनुसार तुरंत अलर्ट भेजे जा सकेंगे। यह पहल नागरिक सुरक्षा को और मजबूत करने तथा आपदा के समय त्वरित सूचना सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

इससे पहले, एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए जानकारी दी गई कि संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुझाव और मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से विकसित ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ का शुभारंभ किया।

इस अत्याधुनिक प्रणाली के माध्यम से आपदा, आपातकालीन स्थिति और जनसुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे नागरिकों के मोबाइल फोन पर त्वरित रूप से प्रेषित की जा सकेंगी। इसी क्रम में आज देशभर में इस प्रणाली का सफल परीक्षण भी किया गया। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि परीक्षण के दौरान नागरिकों के मोबाइल फोन पर बीप ध्वनि के साथ इमरजेंसी अलर्ट संदेश प्रदर्शित हुआ।

Exit mobile version