April 11, 2026
Punjab

लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई-काठमांडू फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, ईंधन कम होने पर लिया गया फैसला

Dubai-Kathmandu flight makes emergency landing at Lucknow airport due to low fuel

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार को दुबई से काठमांडू जा रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान में ईंधन कम होने के कारण यह आपात फैसला लिया गया।

जानकारी के अनुसार, फ्लाई दुबई की फ्लाइट संख्या एफजेड 1133 ने शाम 8:22 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। इस विमान में कुल 154 यात्री सवार थे। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा है और सभी यात्री विमान के अंदर ही मौजूद हैं। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि इससे पहले 31 मार्च को दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बीच हवा में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी । पायलट ने इस आपात स्थिति की जानकारी देने के लिए पैन-पैन कॉल भी किया था। बागडोगरा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को सोमवार शाम धुएं का संकेत मिलने के बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

फ्लाइट में 148 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। विमान के एवियोनिक्स बे (जहां महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम होते हैं) में धुआं देखा गया, जिसके बाद पायलट ने ‘मेड-डे’ कॉल की बजाय ‘पैन-पैन’ कॉल की थी । सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे और विमान बिना किसी घटना के लखनऊ में उतर गया। एयरलाइन ने कहा था कि चालक दल ने तुरंत सावधानी बरतते हुए फ्लाइट को डायवर्ट किया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लैंडिंग के बाद यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया और बाद में उन्हें दिल्ली के लिए अन्य फ्लाइटों में बैठाया गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि डायवर्ट करने का निर्णय मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी।

Leave feedback about this

  • Service