N1Live National ‘शिक्षा के साथ संस्कार से बनेगा मजबूत राष्ट्र,’ मुस्लिम छात्र और युवा सम्मेलन में बोले इंद्रेश कुमार
National

‘शिक्षा के साथ संस्कार से बनेगा मजबूत राष्ट्र,’ मुस्लिम छात्र और युवा सम्मेलन में बोले इंद्रेश कुमार

"Education and values ​​will build a strong nation," said Indresh Kumar at the Muslim student and youth conference.

आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने ‘मुस्लिम राष्ट्रीय मंच’ द्वारा आयोजित मुस्लिम छात्र और युवा सम्मेलन में देश-निर्माण में छात्रों और युवाओं की भूमिका पर बात की।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि पूरे देश में छात्र और युवा प्रकोष्ठ ने हर प्रांत में एक से अधिक कार्यक्रम करने का संकल्प लिया है, जिसमें “तालीम जिंदगी के लिए और जिंदगी वतन के लिए” का संदेश दिया जाएगा। तालीम से हम पढ़-लिखकर रोजगार योग्य बनेंगे और नसीहत से स्वाभाविक रूप से एक अच्छे इंसान बनेंगे।

उन्होंने कहा कि मुल्क दंगा और दहशत से मुक्त हो, प्रदूषण मुक्त हो, और छुआछूत से मुक्त हो। परिवारों के भीतर अच्छे संस्कार देने की व्यवस्था हो। सबसे बड़ी बात यह है कि हम हिंदुस्तान के 140 करोड़ लोग, जो आज यहां हैं और आने वाले समय में भी रहेंगे, हम सब अपनी-अपनी मां की कोख और गोद से एक ही पहचान लेकर आते हैं। हमारा चेहरा चाहे किसी भी मजहब, जाति, भाषा या राज्य का हो, लेकिन हम सबका चेहरा हिंदुस्तानी और भारतीय है।

उन्होंने कहा कि यदि यह एहसास हो जाए कि हम सब हिंदुस्तानी हैं तो देश दंगा-दहशत से निकलकर एक बेहतर राष्ट्र बन सकता है। आज पूरे देश में यह संकल्प है कि आने वाले समय में भारत दुनिया का सरताज बने। यह मुल्क हम बनाएंगे—यह संकल्प आज छात्रों ने लिया है।

उन्होंने आगे कहा कि छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ तहजीब और संस्कार का भी उदाहरण पेश कर रहे हैं। वे शिक्षा प्राप्त करते हुए अपने हिंदुस्तान को “सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा” और “हम होंगे कामयाब एक दिन” के विश्वास के साथ आगे बढ़ाएंगे। इससे आपसी तनाव और हिंसा समाप्त होगी और भाईचारा तथा मोहब्बत बढ़ेगी। हम मिलजुलकर रहेंगे और देश को आगे बढ़ाएंगे।

अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे से करोड़ों रुपए गायब होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को झूठ बोलने और आरोप लगाने की आदत हो गई है। वे न तो प्रमाण दे सकते हैं और न ही कभी दे पाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें हिंदुस्तान के विकास और भाईचारे को बाधित करना चाहती हैं।

उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रभु राम से प्रार्थना करता हूं कि अखिलेश यादव को सद्बुद्धि मिले।”

मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पूरा होने को लेकर उन्होंने कहा, “मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि उनका कार्यकाल खुशियों और उपलब्धियों से भरा हो और आने वाला समय भी और अधिक उपलब्धियों और खुशियों से युक्त हो। यह देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। हम सबको इसे उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।”

Exit mobile version