चुनाव आयोग द्वारा लिए गए फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा 14 बार आपत्ति जताए जाने को लेकर सामने आई रिपोर्ट के बाद से सियासत तेज हो गई है। इस मामले पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग की।
डी. राजा ने कहा, “न केवल मौजूदा चुनाव आयुक्त, बल्कि पूर्व चुनाव आयुक्तों ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के कामकाज का कड़ा विरोध किया है। लोगों को चुनाव आयोग के कामकाज पर भरोसा नहीं है और एसआईआर प्रक्रिया शुरू करने के बाद आयोग ने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। अब समय आ गया है कि यह सोचा जाए कि लोगों का भरोसा और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता कैसे बहाल की जाए।”
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है जिसे संविधान से ही अधिकार मिला है। इसे निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने और सभी योग्य नागरिकों के मताधिकार को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभानी है। अब ये सभी बातें सवालों के घेरे में हैं। इसीलिए हमारी सीपीआई और कई अन्य दलों ने मांग की है कि मौजूदा चुनाव आयोग में व्यापक सुधार की जरूरत है और मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त को पद छोड़ देना चाहिए, इस्तीफा दे देना चाहिए।
देश में हाल ही में नाबालिग लड़कियों के साथ बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के सामने आ रहे मामलों पर डी. राजा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा, “पीएम मोदी हमेशा नारी शक्ति की बात करते हैं लेकिन हमारी महिलाओं और लड़कियों के साथ जो हो रहा है, वह भयानक और शर्मनाक है। डॉ. अंबेडकर ने कहा था कि किसी भी देश की तरक्की को महिलाओं की तरक्की से मापा जाना चाहिए। हमारी महिलाओं के साथ क्या हो रहा है? सार्वजनिक जगहों और कार्यस्थलों पर हमारी महिलाओं की सुरक्षा कहां है? यह एक बेहद गंभीर मुद्दा है।”
राजा ने कहा कि एक तरफ महिला संगठन महिलाओं की सुरक्षा और आरक्षण की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री सिर्फ नारी शक्ति की बात करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि खासतौर पर भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने आगे कहा, “पीएम मोदी चुप क्यों हैं? उन्होंने मन की बात शुरू की, अब इंस्टाग्राम पर भी हैं, तो उन्हें महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ हो रहे भयानक अपराधों पर भी बात करनी चाहिए। हमारी पार्टी महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारें कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करें और हमारी महिलाओं व लड़कियों को पूरी सुरक्षा प्रदान करें।”
ओमान तट के पास जहाज पर हुए हमले लेकर डी. राजा ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसके लिए अमेरिका की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।


Leave feedback about this