November 2, 2026
National

नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल, दो गिरफ्तार

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चाकू और लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, चारों बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने के लिए निकले थे। इसी दौरान सेक्टर-62 गोलचक्कर पर चेकिंग कर रही सेक्टर-63 थाना पुलिस की टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने मोटरसाइकिल घुमाई और तेजी से भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बदमाश एस-ब्लॉक चौराहे को पार करने के बाद ग्रीन बेल्ट क्षेत्र की ओर चले गए। पुलिस टीम ने जब उन्हें घेरने का प्रयास किया तो बदमाश बहलोलपुर अंडरपास के पास पहुंच गए। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसमें दो अन्य आरोपियों शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लिफ्ट देने के बहाने लोगों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाते थे और फिर उनके साथ लूटपाट करते थे। चारों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। उनके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर प्रशासन के निर्देशों के तहत पुलिस की टीमें लगातार चेकिंग और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में सेक्टर-62 गोलचक्कर पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क तथा अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service