July 3, 2026
Entertainment

‘एक्सपायरी डेट के बाद दवा भी जहर बन जाती है’, ‘कॉकटेल 2’ के ट्रेलर में दिखी दोस्ती, प्यार और रिश्तों की उलझनें

‘Even medicine becomes poison after its expiry date’: ‘Cocktail 2’ trailer explores friendship, love and the complexities of relationships.

साल 2012 में आई फिल्म ‘कॉकटेल’ ने दोस्ती, प्यार और रिश्तों की कहानी को एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश किया था। सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब करीब 14 साल बाद निर्देशक होमी अदजानिया ‘कॉकटेल 2’ लेकर लौटे हैं। इस बार फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में रोमांस, दोस्ती, इमोशन्स, कॉमेडी और रिश्तों की उलझनें एक साथ देखने को मिलती हैं।

करीब तीन मिनट के ट्रेलर की शुरुआत शाहिद कपूर के किरदार कुणाल के एक दिलचस्प लाइन से होती है, जिसमें वह कहता है, ‘रिश्ता जब नया होता है ना, तो एक्साइटिंग होता है, नए दोस्त मजेदार लगते हैं, क्योंकि उनकी कहानियां हमारे लिए नई लगती हैं, लेकिन प्यार उस फटी हुई टी-शर्ट की तरह होता है, जिसमें हम रोज रात सुकून से सोते हैं, और जब प्यार दोस्ती बन जाता है और दोस्ती में प्यार का रंग मिल जाता है, तो इससे बचने का एक ही सॉल्यूशन रह जाता है।’

इसके बाद ट्रेलर में सभी के किरदारों को इंट्रोड्यूस कराया जाता है। कुणाल के रोल में शाहिद कपूर, दीया के किरदार में रश्मिका मंदाना और एली की भूमिका में कृति सेनन हैं। तीनों अच्छे दोस्त हैं। तीनों साथ घूमते हैं, छुट्टियां मनाते हैं, मस्ती करते हैं और जिंदगी को खुलकर जीते हैं।

शुरुआत में सब कुछ मजेदार दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी में मोड़ आना शुरू हो जाता है, जब दोस्ती के बीच प्यार की एंट्री होती है, और यहीं से रिश्तों की उलझनें शुरू हो जाती हैं।

ट्रेलर में लव ट्रायंगल देखने को मिलता है। कहानी में दिखाया गया है कि दीया और एली दोनों ही कुणाल के करीब आने लगती हैं। पहले जो रिश्ता केवल दोस्ती का था, वह धीरे-धीरे लव फीलिंग में बदल जाता है। शाहिद का किरदार खुद भी इन फीलिंग्स के बीच उलझता नजर आता है।

डायलॉग्स की बात करें तो ट्रेलर में कई ऐसे डायलॉग हैं जो दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। एक जगह कृति सेनन का किरदार कहता है- ‘सब अपनी-अपनी एक्सपायरी डेट के साथ आते हैं, और एक्सपायरी डेट के बाद तो दवा भी जहर बन जाती है।’ वहीं ट्रेलर के आखिर में शाहिद कपूर का एक डायलॉग लोगों के चेहरे पर हंसी ला देता है, जिसमें वह कहते है – ‘मैं हीरा नहीं कोहिनूर हूं।’

म्यूजिक भी ट्रेलर की एक बड़ी ताकत बनकर सामने आया। ट्रेलर में पहली ‘कॉकटेल’ फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘तुम ही हो बंधू’ भी सुनाई दिया। ‘कॉकटेल 2’ का निर्माण मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म की कहानी लव रंजन और तरुण जैन ने लिखी है। फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service