May 9, 2026
National

त्रिनिदाद और टोबैगो में विदेश मंत्री जयशंकर: क्रिकेट,फगुवा और सांस्कृतिक रिश्तों को बताया दोनों देशों की ताकत

External Affairs Minister Jaishankar in Trinidad and Tobago: Cricket, Phagwa and cultural ties are the strengths of both countries

9 मई । त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर का वहां गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और क्रिकेट संबंधों को बेहद खास बताया।

8 मई को हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में विदेश मंत्री ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के विदेश और कैरिकॉम (कैरेबियन कम्युनिटी एंड कॉमन मार्केट) के मंत्री सीन सोबर्स, उनकी सरकार और विदेश मंत्रालय का सम्मान और आतिथ्य के लिए आभार जताया।

विदेश मंत्रालय ने विदेश मंत्री ने 9 मई को रिलीज जारी कर उनके संबोधन की प्रमुख बातें साझा कीं।

भारत के विदेश मंत्री ने मंच से कहा कि भारत और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के रिश्ते साझा इतिहास, उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष और क्रिकेट के मजबूत बंधन पर आधारित हैं। दोनों देशों के लोगों के खानपान, पहनावे, परंपराओं और त्योहारों में काफी समानताएं हैं।

जयशंकर ने आगे कहा कि त्रिनिदाद एंड टोबैगो में दीपावली, फगुवा और ईद जैसे त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाए जाते हैं, जबकि भारतीय संगीत, नृत्य, टीवी धारावाहिक और फिल्में भी यहां काफी लोकप्रिय हैं।

उन्होंने विशेष रूप से क्रिकेट का जिक्र करते हुए कहा कि “भारतीय हमेशा से वेस्ट इंडीज के क्रिकेटरों के बड़े प्रशंसक रहे हैं। महान क्रिकेटर ब्रायन लारा भारत में काफी लोकप्रिय हैं और उन्हें बेहद सम्मान भी प्राप्त है। वर्तमान वेस्ट इंडीज खिलाड़ी भी भारत में काफी पसंद किए जाते हैं। सुनील नारायण, किरोन पोलार्ड और निकोलस पूरन के लोग कायल हैं। आईपीएल में सुनील नारायण का प्रदर्शन भी शानदार रहता है।”

त्रिनिदाद एंड टोबैगो की तीसरी यात्रा को उन्होंने उत्साहजनक करार दिया। साथ ही उन्होंने स्थानीय संस्कृति को करीब से देखने की इच्छा भी जाहिर की।

विदेश मंत्री 2-10 मई 2026 तक जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद और टोबैगो के आधिकारिक दौरे पर हैं। गिरमिटिया समुदायों की मौजूदगी की वजह से इन देशों का भारत के साथ एक खास कनेक्शन रहा है। नौ दिवसीय दौरे का मकसद इन देशों के साथ अपने रिश्तों को मजबूत करना है।

Leave feedback about this

  • Service