March 20, 2026
National

एप्पल की नकली मोबाइल एक्सेसरीज रैकेट का खुलासा, मुंबई पुलिस की कार्रवाई में 6 दुकानदारों पर केस

Fake Apple mobile accessories racket busted; Mumbai police crackdown on 6 shopkeepers

20 मार्च । मुंबई पुलिस ने नकली ब्रांडेड सामान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घाटकोपर इलाके में एक संगठित मोबाइल एक्सेसरीज रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मुंबई पुलिस के पंतनगर पुलिस स्टेशन की टीम ने छापेमारी कर एप्पल ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे करीब 16.33 लाख रुपए के नकली सामान को जब्त किया। इस मामले में 6 दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी मिली थी कि घाटकोपर पूर्व के पटेल चौक और निलयोग मॉल इलाके की कुछ दुकानों में एप्पल इंक के नाम पर फर्जी मोबाइल एक्सेसरीज बेची जा रही हैं। पुलिस ने एक खास रणनीति बनाई और टीम को 6 अलग-अलग ग्रुप में बांटकर एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान 6 दुकानों पर कार्रवाई की गई, जहां से नकली सामान बरामद हुआ। जब्त किए गए सामान में मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर, यूएसबी केबल, मोबाइल कवर, बैक पैनल, ईयरफोन, एयरपॉड्स और बैटरियां शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी उत्पाद एप्पल ब्रांड की हूबहू नकल कर बनाए गए थे और ग्राहकों को असली बताकर बेचे जा रहे थे।

इस कार्रवाई में एप्पल कंपनी की टीम भी शामिल रही। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों ने मौके पर ही जांच कर पुष्टि की कि बरामद किया गया पूरा सामान नकली है। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण और तकनीकी पहचान का सहारा लिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिना किसी अधिकृत अनुमति के एप्पल के लोगो और डिजाइन का इस्तेमाल कर रहे थे। वे सस्ते दामों पर नकली सामान खरीदते थे और उसे असली बताकर ऊंची कीमतों पर बेचते थे।

पुलिस ने सभी 6 दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त किए गए सामान को सील कर आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि शहर में नकली ब्रांडेड सामान के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service