N1Live Entertainment फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, स्क्रीन पर दिखेगी वीरगाथा
Entertainment

फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, स्क्रीन पर दिखेगी वीरगाथा

Farhan Akhtar's '120 Bahadur' trailer released, will bring the heroic saga to life on screen

मशहूर अभिनेता फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर गुरुवार को मेकर्स ने रिलीज कर दिया। रजनीश ‘राजी’ घई द्वारा निर्देशित फिल्म ‘120 बहादुर’ 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अपने प्राण वतन पर न्योछावर करने वाले 120 बहादुर सैनिकों को समर्पित है। फिल्म में अभिनेता फरहान अख्तर शैतान सिंह की भूमिका में नजर आ रहे हैं और अभिनेत्री राशि खन्ना उनके अपोजिट नजर आएंगी।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के ट्रेलर का वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ कैप्शन में लिखा, “एक सच्ची कहानी पर आधारित, जिसने हमारे देश का इतिहास बदल दिया। फिल्म ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर।”

2 मिनट 48 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज में होती है, जिसमें वह भारत और चीन के रिश्ते के बारे में बताते हैं। इसके बाद दिखाया जाता है कि चीन चुपके से कुछ भारतीय सैनिकों को मार देता है। फिर, फरहान अख्तर शैतान सिंह के किरदार में नजर आते हैं और वे सैनिकों से कहते हैं, “तुम सब किसान के बेटे हो, जमीन के लिए लड़ना तुम सब के खून में है।”

इसके बाद ट्रेलर में शैतान सिंह के घर का सीन दिखाया जाता है, जिसमें वे अपनी पत्नी (राशि खन्ना) और बाकी लोगों के साथ दिखते हैं। ट्रेलर में बाकी सैनिकों की कहानी भी दिखाई गई है और आखिर में बर्फ के मैदान में चीनी सैनिकों के साथ भारत का युद्ध दिखाया गया है।

फिल्म में फरहान अख्तर और राशि खन्ना के अलावा, अंकित सिवाच, विवान भतेना, और अजिंक्या देओ भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म ‘120 बहादुर’ का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अमित चंद्रा के ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो के साथ मिलकर किया है। फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Exit mobile version