October 9, 2026
National

फरीदाबाद: बच्चे को बाइक की टक्कर लगने के विवाद में बाउंसर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

फरीदाबाद के तिलपत गांव में एक बच्चे को मोटरसाइकिल से टक्कर लगने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान 25 वर्षीय बाउंसर वली मोहम्मद की लोहे की रॉड और कुल्हाड़ियों से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि तैयब हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के भाई साबिर खान ने बताया कि परिवार के लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। मकान बनने के बाद आयोजित कार्यक्रम में रिश्तेदारों को बुलाया गया था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन बच्चे को बाइक से टक्कर लगने के बाद विवाद शुरू हो गया। इसी मामूली बात को लेकर कई लोग इकट्ठा हो गए और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया गया। साबिर ने बताया कि तैयब हुसैन का 15-16 साल का बेटा वहां मौजूद था। उनके मुताबिक, करीब 30 से 35 लोग एक जगह इकट्ठा थे और इसी दौरान बच्चे को बाइक से टक्कर लगने की घटना हुई। इसके बाद बच्चा अपने पिता तैयब हुसैन के पास पहुंचा। साबिर का आरोप है कि जब तैयब मौके पर आए, तो उन पर लाठियों से हमला कर दिया गया।

साबिर ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर ताहिर और वली मोहम्मद को फोन किया गया। ताहिर ने थाने जाने की बात कही, जबकि वली मोहम्मद ने कहा कि उनके मामा वहां अकेले हैं, इसलिए पहले उनकी मदद के लिए जाना चाहिए। इसके बाद दोनों मौके की ओर चले गए। उन्होंने कहा कि जब वली मोहम्मद और तैयब हुसैन घटनास्थल के पास पहुंचे, तो वहां ईंट-पत्थर चल रहे थे। इसी दौरान मृतक की मां और परिवार की अन्य महिला सदस्य को भी चोट लगने की बात सामने आई। साबिर का आरोप है कि मां के पास पहुंचने के दौरान वली मोहम्मद और तैयब हुसैन पर कुल्हाड़ियों से हमला किया गया।

उन्होंने दावा किया कि हमलावरों की संख्या करीब 40 से 50 थी और घटना के दौरान दोनों को बुरी तरह पीटा गया। साबिर ने यह भी कहा कि घटना का वीडियो मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर हमले की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। गंभीर रूप से घायल तैयब हुसैन को अस्पताल से रेफर किया गया था, जबकि वली मोहम्मद की मौत हो गई। साबिर ने घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश की जानकारी होने से इनकार किया। उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत बच्चे को टक्कर लगने की बात से हुई थी। उन्होंने आशंका जताई कि हमलावरों के मन में पहले से कुछ और चल रहा हो सकता है।

साबिर खान ने बताया कि वली मोहम्मद बाउंसर के रूप में काम करते थे। वह फिल्मों या विधायकों समेत अन्य लोगों के साथ सुरक्षा संबंधी काम करते थे। मृतक के परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घटना के बाद परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं। साबिर ने बताया कि परिजन रात से अस्पताल में हैं और इस दौरान उन्हें खाने-पीने तक का समय नहीं मिला। परिवार फिलहाल वली मोहम्मद के शव के अस्पताल में होने के कारण वहीं रुका हुआ है और आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

खान ने आगे कहा कि पुलिस कार्रवाई कर रही है और परिवार की ओर से रिपोर्ट भी दी गई है। हालांकि, उन्होंने कार्रवाई के परिणाम को लेकर चिंता जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। परिवार को न्याय चाहिए और जिस तरह से हमला किया गया, वह बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाई की मांग भी रखी।

Leave feedback about this

  • Service